
श्रीलंका क्रिकेट को ICC का तगड़ा झटका. (फोटो- GETTY)
ICC Womens Champions Trophy 2027: भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट को ड्रॉ कराने की खुशी के कुछ ही दिनों बाद श्रीलंका क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है, वो एक बड़े प्रशासनिक और खेल संकट में फंस गया है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कड़ा कदम उठाते हुए श्रीलंका से 14 से 28 फरवरी 2027 तक होने वाली ऐतिहासिक पहली विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के अधिकार छीन लिए हैं. बोर्ड में सरकारी हस्तक्षेप और समय पर चुनाव न कराने के चलते यह कार्रवाई की गई है, जिससे श्रीलंका को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा.
श्रीलंका क्रिकेट को ICC का तगड़ा झटका
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में सरकार की ओर से बनाई गई ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी के बढ़ते दखल, बोर्ड के संविधान और प्रशासन में बदलावों को लेकर आईसीसी लगातार नाराज चल रही थी. इससे पहले आईसीसी बोर्ड की बैठक में भाग लेने से भी श्रीलंकाई प्रतिनिधियों को रोक दिया गया था. वहीं, आईसीसी के बार-बार आदेश देने के बावजूद बोर्ड के चुनाव नहीं कराए गए. जिसके चलते ये बड़ा कदम उठाया गया है.
एसएलसी ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी के सचिव प्रकाश शैफ्टर ने इस बात की पुष्टि की है कि टूर्नामेंट को श्रीलंका से बाहर शिफ्ट कर दिया गया है, हालांकि नए वेन्यू का ऐलान होना अभी बाकी है. बता दें, इस 6 टीमों के मेगा इवेंट में टॉप 5 रैंकिंग वाली टीमें और मेजबान देश को सीधे एंट्री मिलनी थी. ऐसे में मेजबान होने के नाते श्रीलंका को डायरेक्ट एंट्री मिली हुई थी. लेकिन अब मेजबानी छिनने के बाद श्रीलंका पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि उनकी महिला टीम आईसीसी टी20 रैंकिंग में 7वें पायदान पर है.
किसको मिलेगा श्रीलंका की जगह मौका?
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने टॉप 5 टीमों के रूप में जगह पक्की कर रखी है. अगर टूर्नामेंट की नई मेजबानी टॉप 5 देशों में से किसी एक को मिलती है, तो छठी रैंक वाली वेस्टइंडीज को श्रीलंका की जगह शामिल किया जाएगा. वहीं, आईसीसी यूएई जैसे किसी देश को मेजबान चुनती है, तो 15वीं रैंक होने के बावजूद यूएई की टीम बतौर मेजबान खेलती नजर आएगी.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More