Updated: Saturday, July 18, 2026, 19:06 [IST]
HD Deve Gowda Wife Death: पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का शनिवार (18 जुलाई 2026) को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में निधन हो गया। अस्पताल के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
कुछ दिन पहले उन्हें सांस लेने में तकलीफ और सीने में जकड़न की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चेन्नम्मा ने हमेशा राजनीति की चकाचौंध से दूर रहकर परिवार को संभाला और देवेगौड़ा के लंबे राजनीतिक सफर में उनका मजबूत सहारा बनी रहीं।
दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन
मणिपाल अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया कि चेन्नम्मा की तबीयत में पहले सुधार दिख रहा था, लेकिन शनिवार शाम करीब 4 बजे उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बुधवार देर रात उन्हें सांस लेने में दिक्कत, सीने में जकड़न और उम्र से जुड़ी दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल में मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: Rajya Sabha Chunav: अब संसद में नहीं होगा कोई पूर्व PM! देवेगौड़ा की जगह BJP ने चुना नया चेहरा, कौन है नागराज?
1954 में हुई थी एचडी देवेगौड़ा से शादी
चेन्नम्मा और एचडी देवेगौड़ा की शादी साल 1954 में हुई थी। दोनों ने करीब सात दशक तक साथ का सफर तय किया। उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार के कई सदस्य राजनीति में सक्रिय हैं। केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और विधायक एचडी रेवन्ना उनके बेटे हैं। लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान देवेगौड़ा को परिवार का मजबूत साथ मिला, जिसका श्रेय वह अक्सर अपनी पत्नी चेन्नम्मा को देते थे।
2001 के एसिड अटैक में बच गई थीं चेन्नम्मा
चेन्नम्मा साल 2001 में एक एसिड अटैक का भी शिकार हुई थीं। यह हमला एक पारिवारिक विवाद के दौरान हुआ था। हालांकि, वह इस हमले में बच गई थीं और बाद में सामान्य जीवन में लौट आईं। इस घटना के बावजूद उन्होंने कभी सार्वजनिक जीवन में ज्यादा चर्चा नहीं चाही। उन्होंने हमेशा परिवार को प्राथमिकता दी और राजनीति से दूरी बनाए रखी। उनकी सादगी और संयम की अक्सर लोग मिसाल देते थे।
लाइमलाइट से दूर रहकर संभाला पूरा परिवार
देश के पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी होने के बावजूद चेन्नम्मा ने हमेशा खुद को सार्वजनिक सुर्खियों से दूर रखा। उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं और देवेगौड़ा के राजनीतिक जीवन में मजबूत आधार बनकर खड़ी रहीं। एचडी देवेगौड़ा कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उनकी सफलता के पीछे पत्नी का बड़ा योगदान रहा है। वहीं, कुमारस्वामी भी कई बार कह चुके हैं कि उनकी मां के संस्कारों ने उनके राजनीतिक और निजी जीवन को दिशा दी।
ये भी पढ़ें: HD Kumaraswamy: 'SIR में हो रही है धांधली, चुनाव आयोग ले एक्शन', कुमारस्वामी का बड़ा आरोप
अस्पताल में मौजूद रहा पूरा परिवार
चेन्नम्मा के निधन की खबर मिलते ही परिवार के सभी सदस्य अस्पताल पहुंच गए। एचडी देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी, विधायक एचडी रेवन्ना और अन्य करीबी रिश्तेदार अस्पताल में मौजूद रहे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत से शोक संदेश आने शुरू हो गए। चेन्नम्मा को एक सादगीपूर्ण जीवन जीने वाली महिला के तौर पर याद किया जा रहा है, जिन्होंने परिवार को हमेशा एकजुट रखने में अहम भूमिका निभाई।