Haiwaan Opening Day Box Office: फैंस लंबे वक्त से अक्षय कुमार की फिल्म हैवान की रिलीज का इंतजार कर रहे थे. इसकी कई वजहें थीं. साल 2026 में पहले ही प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी का जादू भूत बंगला फिल्म के जरिए सिनेमाघरों में देखने को मिला था. लेकिन ऐसा हैवान फिल्म के साथ नहीं हो सका. ये मूवी कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी. फिल्म ने रिलीज के ओपनिंग डे पर उम्मीद से बहुत कम कमाई की है और इसके लिए तो 5 करोड़ का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल साबित हुआ है.
हैवान ने ओपनिंग डे पर सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक नेट कलेक्शन के मामले में 3 करोड़ रुपये की कमाई की है. बड़ी स्टार कास्ट दिग्गज डायरेक्टर और अच्छे-खासे बजट में बनी इस फिल्म की इस मामुली कमाई को जस्टिफाई नहीं किया जा सकता है. फिल्म दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने में पूरी तरह से विफल रही है.
हैवान ने कुल कितने रुपये कमाए?
हैवान फिल्म की बात करें को ओपनिंग डे पर ग्रॉस कलेक्शन के आधार पर इस फिल्म की कमाई 3.60 करोड़ रुपये की रही है. वहीं दूसरी तरफ विदेशों से भी हैवान को कोई खास सपोर्ट नहीं मिला था. इस फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 1 करोड़ रुपये का रहा है. इसे अगर मिला लिया जाए तो हैवान ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में 4.60 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. इस फिल्म का बजट रिपोर्ट्स के मुताबिक 100 करोड़ से 130 करोड़ के बीच का माना जा रहा है. ऐसे में फिल्म अगर पहले वीकेंड में ही ग्रिप खो देगी तो फिर आगे इसके लिए बजट रिकवर करना भी मुश्किल हो सकता है.
फिल्म का सीधा मुकाबला मिर्जापुर द मूवी के साथ देखने को मिल रहा है. ये फिल्म ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. हालांकि इसे मिक्स्ड व्यूज मिल रहे हैं लेकिन इसके बाद भी सीरीज से मिली हाइप इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बनाए हुए है. वहीं हनुमान अंश की सफलता का नुकसान भी हैवान को भुगतना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें- Mirzapur: सीरीज से सिनेमा तक मिर्जापुर का सफर, गुरमीत सिंह ने बड़े पर्दे पर कैसे रचा भौकाल?
18 साल बाद सैफ-अक्षय की जोड़ी
हैवान फिल्म के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान 18 साल बाद सिनेमाघरों में साथ नजर आए हैं. दोनों कलाकार इससे पहले टशन फिल्म में साथ दिखे थे और ये फिल्म फ्लॉप रही थी. अब एक बार फिर से दोनों की जोड़ी नजर आई है. हैवान में अक्षय कुमार विलेन के रोल में हैं और सैफ अली खान लीड रोल में नजर आए हैं. फिल्म में श्रिया पिलगांवकर, बोमन ईरानी, सैयामी खेर और राजपाल यादव भी शामिल हैं. वहीं ये फिल्म असरानी के करियर की भी आखिरी फिल्म साबित हुई. हैवान का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है.

पुनीत उपाध्याय
पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.
Read More