गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित ई-रिक्शा और कैब की टक्कर में ई-रिक्शा पर लदा सरिया ड्राइवर के सीने के पार हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे को देख कार में बैठी महिला यात्री बेहोश हो गई।
गुरुग्राम में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन व मौके पर लगा जाम।
- Published: 17 Jul 2026, 06:57 PM IST
- Last Updated: 17 Jul 2026, 07:08 PM IST
दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक्सप्रेसवे की ओवरटेक लेन में सरियों से लदे एक ई-रिक्शा और तेज रफ्तार कैब के बीच भीषण भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा पर लदे लोहे के लंबे सरिए कार का अगला शीशा (विंडशील्ड) तोड़ते हुए सीधे कैब ड्राइवर के सीने के आर-पार हो गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे को देखकर कार की अगली सीट पर बैठी महिला पैसेंजर सदमे में आ गई और मौके पर ही बेहोश हो गई।
एवीएल सोसाइटी के पास हुआ हादसा, सरियों पर नहीं था कोई इंडिकेटर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह भयानक हादसा शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे एवीएल सोसाइटी के पास हुआ। मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला कैब ड्राइवर अपनी कार में एक महिला सवारी को बैठाकर गुरुग्राम से दिल्ली की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे एक लाल रंग के ई-रिक्शा से कार की जोरदार टक्कर हो गई। ई-रिक्शा पर क्षमता से अधिक और बेहद खतरनाक तरीके से लोहे के लंबे सरिए लदे हुए थे, जिन पर सुरक्षा या चेतावनी के लिए कोई लाल कपड़ा या इंडिकेटर भी नहीं लगाया गया था।
विंडशील्ड चीरते हुए अंदर घुसे सरिए, मौके पर लगी वाहनों की लंबी कतार
टक्कर लगते ही कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ई-रिक्शा के पीछे निकले नुकीले सरिए शीशा तोड़कर सीधे ड्राइवर के सीने में जा धंसे, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कार में बैठी महिला इस खौफनाक मंजर को देखकर बेसुध हो गई। हादसे के बाद व्यस्त एक्सप्रेसवे पर वाहनों का पहिया थम गया और देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीरों की सूचना पर सेक्टर-37 थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया शव, एक्सप्रेसवे पर ई-रिक्शा बैन होने पर उठे सवाल
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार की बॉडी को काटकर ड्राइवर के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, बेहोश महिला यात्री को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया गया।
इस हादसे ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि द्वारका एक्सप्रेसवे पर ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों के चलने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।