3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

आगरा में GST विभाग की विशेष जांच शाखा (SIB) के सर्वे और छापों को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। मंगलवार को प्रतिष्ठित ब्रजभोग मिष्ठान भंडार पर छापेमारी में 4 करोड़ रुपए की कर चोरी पकड़े जाने के बाद व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। बृहस्पतिवार को जयपुर हाउस में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि त्योहारी सीजन में सर्वे के नाम पर व्यापारियों को परेशान न किया जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्वाइंट कमिश्नर एके सिंह ने की। उन्होंने कहा कि दीपावली पर कारोबार बढ़ता है। ऐसे में व्यापारी अपनी बिक्री के अनुसार रिटर्न दाखिल करें। इससे विभाग को राजस्व मिलेगा और व्यापारियों को भी परेशानी नहीं होगी।

ब्रजभोग मिष्ठान भंडार पर मंलवार को SGST विभाग ने छापा मारा था इसके बाद व्यापारियों ने विरोध जताया हैं।
व्यापारियों की मांग- त्योहार तक स्थगित हों सर्वे
व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने मांग की कि त्योहारी सीजन तक SIB के सर्वे स्थगित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई रोकने से व्यापारी बिना किसी बाधा के कारोबार कर सकेंगे और विभाग को राजस्व लक्ष्य पूरा करने में सहयोग देंगे।
आगरा स्वीट्स एंड नमकीन मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि छापेमारी से कारोबार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि जो व्यापारी शत-प्रतिशत बिलिंग के साथ काम कर रहे हैं, उन्हें परेशान नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे व्यापारी 20 प्रतिशत अधिक टैक्स देने के लिए भी तैयार हैं।
नो-एंट्री और ई-वे बिल से भी परेशानी
किराना व्यापारी रमेश कल्याणी ने कहा कि रावतपाड़ा में ट्रकों की नो-एंट्री है। ऐसे में माल रामबाग से टेंपो में लाया जाता है, लेकिन मूल ई-वे बिल ट्रक में होने के कारण सचल दल टेंपो को रोककर परेशान करता है। उन्होंने कहा कि बिल होने के बावजूद SIB सर्वे से व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अक्टूबर से मार्च के बीच होता है 65% कारोबार
व्यापार मंडल के जय पुरसनानी ने कहा कि विभाग को शुरुआती छह महीने की बिक्री के आधार पर पूरे साल के कारोबार का आकलन नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि व्यापार का करीब 65 प्रतिशत हिस्सा अक्टूबर से मार्च के बीच होता है।
कपड़ा और रेडीमेड कारोबारियों संजय अग्रवाल और संजीव अग्रवाल ने कहा कि उत्पाद महंगे होने के कारण बिक्री में कमी आई है। इसका असर रिटर्न पर भी पड़ रहा है।
कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह और अखंड प्रताप सिंह ने किया। अंत में नितेश अग्रवाल ने सभी का आभार जताया।
.