world-news

राजस्थान GST डिप्टी कमिश्नर ने बिग-बी को पहेली में उलझाया: केबीसी में हॉट सीट पर बजा ‘मैं हूं डॉन’, अमिताभ बोले- मैं तो नहीं हूं - Udaipur News

September 1, 2026

KBC-18 में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर उदयपुर के डॉ. अनुज भटनागर।

कौन बनेगा करोड़पति सीजन-18 में उदयपुर, राजस्थान के GST डिप्टी कमिश्नर डॉ.अनुज भटनागर शामिल हुए। 27 अगस्त की रात केबीसी शो में वे अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर थे। शो में अनुज ने 5 लाख रुपए जीते।

.

अनुज ने 7.50 लाख रुपए तक का गेम खेला और 12वें सवाल तक पहुंचे। इसके बाद भारत, जॉर्डन और जाम्बिया से जुड़े 12.5 लाख रुपए के सवाल पर उनका जवाब गलत हो गया। इसके साथ ही उनका KBC का सफर 5 लाख रुपए की जीत के साथ समाप्त हुआ।

शो के बाद उदयपुर लौटने पर डॉ. अनुज से दैनिक भास्कर ने बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ शो के दौरान हुए रोचक अनुभव साझा किए।

शो में अमिताभ बच्चन ने अनुज से उनका परिचय पूछा तो उन्होंने दिलचस्प अंदाज में सीधा जवाब देने के बजाय चार लाइन की पहेली सुनाई। उन्होंने अमिताभ बच्चन से कहा कि इसे सुनने के बाद आपको सोचना पड़ेगा कि ‘मैं कौन हूं?’ इसके बाद अनुज ने बताया कि वे टैक्स ऑफिसर हैं और वर्तमान में उदयपुर में GST डिप्टी कमिश्नर के रूप में कार्यरत हैं।

राजस्थान के जीएसटी डिप्टी कमिश्नर अनुज भटनागर हॉट सीट पर।

राजस्थान के जीएसटी डिप्टी कमिश्नर अनुज भटनागर हॉट सीट पर।

अनुज ने अमिताभ बच्चन को बताया कि उन्हें गर्व है कि वे ऐसे विभाग का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो राजस्थान के कुल राजस्व में करीब 45 प्रतिशत योगदान देता है। उन्होंने बताया कि नौकरी की जिम्मेदारियों के कारण समय बहुत कम मिल पाता है, लेकिन केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचने का सपना वे लगातार प्रयास के बाद पूरा कर सके। शो में अमिताभ बच्चन ने अनुज से उनकी पीएचडी और थिसिस ‘माइनिंग इन मेवाड़’ पर भी बात की।

पिता का सपना था- परिवार से कोई KBC पहुंचे

अनुज ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार भटनागर की इच्छा थी कि परिवार का कोई सदस्य कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट तक पहुंचे। अनुज ने अपने पिता का सपना पूरा किया।

शो में अनुज की पत्नी डॉ. रितु भटनागर और बेटा हर्षवर्धन भटनागर।

शो में अनुज की पत्नी डॉ. रितु भटनागर और बेटा हर्षवर्धन भटनागर।

अनुज की पत्नी डॉ. रितु भटनागर और बेटा हर्षवर्धन भटनागर अनुज के साथ KBC के मंच पर पहुंचे। अमिताभ बच्चन ने परिवार के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने अनुज, उनकी पत्नी और बेटे से संवाद किया और परिवार के आपसी रिश्तों और जीवन के अनुभवों के बारे में दिलचस्प सवाल किए।

शो में अमिताभ बच्चन के साथ सेल्फी लेते अनुज।

शो में अमिताभ बच्चन के साथ सेल्फी लेते अनुज।

अमिताभ से किया अभिषेक बच्चन पर सवाल

अमिताभ बच्चन ने अनुज से पूछा कि उनके और उनके बेटे में क्या समानताएं हैं। इसका जवाब देने के बाद अनुज ने अमिताभ से ही सवाल कर दिया कि पिता और बेटे में समानताएं तो अक्सर होती हैं, लेकिन वे बताएं कि उनके और अभिषेक बच्चन में क्या अलग है।

अमिताभ ने बताया कि उनके और अभिषेक के बीच कई समानताएं हैं। वे अभिषेक को अपने दोस्त की तरह मानते हैं। इसके बाद उन्होंने दोनों की खान-पान की आदतों में अंतर का भी जिक्र किया।

हरिवंश राय बच्चन की कविताओं का किया जिक्र

अमिताभ बच्चन ने अपने पिता और प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन की कविताओं का भी जिक्र किया। बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी एक प्रसिद्ध विचारधारा को साझा करते हुए बताया कि केवल बेटा होना किसी को उत्तराधिकारी नहीं बनाता, बल्कि उत्तराधिकारी बनने की योग्यता ही उसे पिता का सच्चा उत्तराधिकारी बनाती है।