world-news

Ghaziabad Chinese Manjha Death: गाजियाबाद में एनएच-9 पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत - Haribhoomi

August 16, 2026

​गाजियाबाद में एनएच-9 पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की गर्दन कटने से दर्दनाक मौत हो गई।

Youth dies due to Chinese thread

चाइनीज मांझे से युवक की मौत

  • Published: 16 Aug 2026, 03:27 PM IST
  • Last Updated: 16 Aug 2026, 03:27 PM IST

​उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एनएच-9 पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर एक हंसते खेल्ते परिवार का चिराग बुझा दिया। शनिवार को बाइक से अपने दोस्त के साथ जा रहे रवि राज की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा उलझ गया, जिससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और सड़क पर गिरने से उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक दावों और चाइनीज मांझे की बिक्री पर लगे प्रतिबंध की पोल खोल दी है।

​एनएच-9 पर हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

​नोएडा के अकबरपुर बहरामपुर निवासी रवि राज शनिवार को अपने एक दोस्त नरेश के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जब वे एनएच-9 से गुजर रहे थे, तभी अचानक हवा में तैरता हुआ चाइनीज मांझा रवि राज की गर्दन में फंस गया। मांझा इतना धारदार था कि कुछ ही पलों में उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और वह लहूलुहान होकर बाइक से सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत वैशाली के एक अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक्री पर उठे गंभीर सवाल

​चाइनीज मांझे से हुई इस मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस द्वारा प्रतिबंध के बावजूद बाजार में यह जानलेवा मांझा आसानी से मिल रहा है, जो न केवल दोपहिया वाहन चालकों बल्कि आसमान में उड़ने वाले बेकसूर पक्षियों के लिए भी काल साबित हो रहा है। कुछ दिन पहले ही लोनी क्षेत्र में चाइनीज मांझे की बड़ी खेप पकड़े जाने और आरोपियों को कथित तौर पर रिश्वत लेकर छोड़ने का मामला भी सामने आया था, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं।

​परिजनों में कोहराम, सख्त कार्रवाई की मांग

​इस अप्रत्याशित हादसे की खबर मिलते ही मृतक रवि राज के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय नागरिकों और पशु पक्षी प्रेमियों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री करने वाले दुकानदारों और सप्लायरों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की ट्रेजडी का सामना न करना पड़े। पुलिस मामले की जांच कर रही है।