Aug 30, 2026 09:33 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

IIT मद्रास ने दूसरी बार GATE 2027 रजिस्ट्रेशन की तारीख टाल दी है। जल्द नई तारीख का ऐलान किया जाएगा। वहीं रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी।

गेट 2027 के लिए किन डॉक्यूमेंट्स की पड़ेगी जरूरत
इंजीनियरिंग की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शुमार ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग यानी GATE 2027 के लाखों दावेदारों के लिए इंतजार अब और लंबा खिंच गया है। इस बार की परीक्षा का आयोजक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास जल्द ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की संशोधित समय-सारणी जारी कर सकता है। दरअसल आवेदन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होनी तय थी, मगर संस्थान ने बिना किसी नई तारीख का एलान किए इसे बीच में ही टाल दिया। आधिकारिक GATE 2027 पोर्टल पर फिलहाल सिर्फ इतना लिखा है कि आवेदन विंडो 'जल्द' खोली जाएगी, जिससे उम्मीदवारों के बीच बेचैनी और सवालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।
गौर करने वाली बात यह है कि यह पहला मौका नहीं, बल्कि दूसरी दफा है जब आईआईटी मद्रास ने रजिस्ट्रेशन शुरू करने की तारीख को टाला है। संस्थान की मूल योजना के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू होनी थी, जिसे बाद में खिसकाकर 27 अगस्त कर दिया गया था, और अब इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। सबसे हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी परीक्षा से जुड़ी इस देरी की वजह अब तक साफ नहीं की गई है, न ही संस्थान की ओर से कोई ठोस स्पष्टीकरण सामने आया है। ऐसे में तैयारी में जुटे विद्यार्थियों को बस इंतज़ार करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा।
इस बार के परीक्षा चक्र में आईआईटी मद्रास ने आवेदन जमा करने के परंपरागत तरीके में भी बड़ा फेरबदल किया है। संस्थान ने भारतीय अभ्यर्थियों के लिए डिजिलॉकर के जरिए रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य कर दिया है। यही वजह है कि संस्थान ने बार-बार उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि वे रजिस्ट्रेशन शुरू होने से पहले ही अपना डिजिलॉकर खाता बना लें या फिर उसे अपडेट कर लें, ताकि नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल जैसी जानकारी सही और सत्यापित हो। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में डिजिलॉकर सत्यापन के अलावा लॉगिन क्रेडेंशियल तैयार करना, चेहरे की पहचान यानी फेशियल वेरिफिकेशन, दस्तावेज अपलोड करना और ऑनलाइन शुल्क भुगतान जैसे कई चरण शामिल होंगे।
जरूरी डॉक्यूमेंट्स पहले से तैयार रखें
चूंकि GATE 2027 का आवेदन जल्द शुरू होने की उम्मीद है, इसलिए परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों को नीचे दिए दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी जाती है -
- उम्मीदवार की फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी
- वैध फोटो पहचान पत्र की स्कैन कॉपी (मूल पहचान पत्र परीक्षा केंद्र पर साथ ले जाना अनिवार्य होगा)
- SC/ST प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी, अगर लागू हो
- UDID/PwD प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी, अगर लागू हो
- डिस्लेक्सिक प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी, अगर लागू हो
- अतिरिक्त समय और स्क्राइब से जुड़े जरूरी अनुबंध/प्रमाण पत्र, अगर लागू हो
आवेदन शुल्क कितना देना होगा
नियमित विंडो में आवेदन करने वाले पुरुष उम्मीदवारों और सामान्य वर्ग से आने वाले अभ्यर्थियों को 2,000 रुपये बतौर आवेदन शुल्क चुकाना होगा। वहीं महिला उम्मीदवारों के साथ-साथ अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) और दिव्यांग प्रमाण पत्र रखने वाले उम्मीदवारों को राहत मिलेगी, इन्हें केवल 1,000 रुपये ही जमा करने होंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार GATE 2027 की परीक्षा 6, 7, 13, 14, 20 और 21 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। जो उम्मीदवार आवेदन विंडो सक्रिय होने का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे ताज़ा जानकारी के लिए परीक्षा की आधिकारिक वेबसाइट gate2027.iitm.ac.in पर लगातार नज़र बनाए रखें, ताकि रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही वे बिना देरी किए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकें। विशेषज्ञों का मानना है कि बार-बार हो रही इस देरी से परीक्षा की समयबद्ध तैयारी करने वाले छात्रों की रणनीति पर असर पड़ सकता है, इसलिए संस्थान से जल्द स्पष्टता की उम्मीद जताई जा रही है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwari
शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव
Hindi Newsकरियर न्यूज़GATE 2027 रजिस्ट्रेशन जल्द, इन डॉक्यूमेंट्स की लगेगी जरूरत; आज ही कर लें तैयार
See Less