world-news

धूप हो, बारिश हो या वर्कआउट... Galaxy Watch Ultra 2 को हर जगह इस्तेमाल किया, कैसा रहा एक्सपीरिएंस?

September 29, 2026

सैमसंग ने हाल ही में भारत में Galaxy Z Fold 8 सीरीज लॉन्च की है. इस दौरान कंपनी ने Galaxy Watch Ultra का भी अपग्रेड पेश किया. मैं पिछले कुछ समय से Samsung Galaxy Watch Ultra 2 इस्तेमाल कर रहा हूं और पहली बात जो मुझे समझ आई, वह यह कि सैमसंग ने इस बार सिर्फ पुरानी Ultra Watch में थोड़ा बदलाव करके नया मॉडल लॉन्च नहीं किया है. यह वॉच इस्तेमाल करते समय पहले से ज्यादा पॉलिश्ड, फास्ट और प्रैक्टिकल लगती है. खासकर बैटरी, डिस्प्ले और रोज पहनने के एक्सपीरिएंस में बड़ा फर्क महसूस होता है.

Galaxy Watch Ultra 2 को पहली बार हाथ में लेने पर इसका प्रीमियम फील तुरंत आता है. इसमें टाइटेनियम बॉडी है और इसका डिजाइन काफी मजबूत है. इसे आप एडवेंचर वॉच की तरह समझ सकते हैं जो एक्स्ट्रीम कंडीशन्स में भी काम करती रहेगी. हालांकि यह अभी भी बड़ी वॉच है और छोटे हाथों पर इसका साइज ज्यादा लग सकता है. अगर आपको पतली और हल्की स्मार्टवॉच पसंद है, तो यह आपके लिए नहीं है. 

Galaxy Watch Ultra 2: Design & Build Quality

सम्बंधित ख़बरें

डिजाइन की बात करूं तो मुझे इसका रगेड और अलग लुक पसंद आया, लेकिन यह सबको पसंद आए ऐसा जरूरी नहीं है. गोल डिस्प्ले के साथ इसका कुशन जैसा बॉडी डिजाइन अलग पहचान देता है. इसमें एक बड़ा ऐक्शन बटन भी है, जो खासकर वर्कआउट और जल्दी फीचर एक्सेस करने में उपयोगी है. फिर भी मुझे लगता है कि सैमसंग इस बटन को और ज्यादा कस्टमाइज करने का विकल्प दे सकता था.

अगर आपके पास Galaxy Watch Ultra फर्स्ट जेनेरेशन है तो आप डिजाइन वाइज दोनों में फर्क नहीं कर पाएंगे. दोनों का डिजाइन लैंग्वेज एक जैसा ही है, बदलाव ज्यादातर हार्डवेयर में ही दिखेगी. 

एक कमी इसका साइज और वजन है. वॉच का वजन करीब 61.5 ग्राम है. इसे पहनने पर आपको पता रहता है कि आपकी कलाई पर एक बड़ी वॉच है. छोटे हाथों वाले लोगों को इसे खरीदने से पहले जरूर ट्राई करना चाहिए. दूसरा, इसकी कीमत भी काफी ज्यादा है. यह ऐसी स्मार्टवॉच नहीं है जिसे सिर्फ टाइम और नोटिफिकेशन देखने के लिए खरीदा जाए.

मैंने इसे दिनभर पहनकर, वर्कआउट करते हुए और रात में सोते समय इस्तेमाल किया. पिछले मॉडल की तुलना में यह ज्यादा स्लिम लगती है और सैमसंग ने बॉडी को पतला किया है.

स्ट्रैप भी पहले से हल्का और आरामदायक महसूस होता है. यह जरूरी है, क्योंकि इतनी बड़ी वॉच अगर आरामदायक न हो तो हेल्थ और स्लीप ट्रैकिंग का कोई मतलब नहीं रह जाता. मेरे इस्तेमाल में दिनभर इसे पहनने में कोई खास परेशानी नहीं हुई, हालांकि रात में सोते समय इसका बड़ा साइज जरूर महसूस होता है.

Galaxy Watch Ultra 2: Display

इस वॉच की सबसे बड़ी खूबियों में इसकी स्क्रीन है. इसमें 1.5 इंच की Super AMOLED डिस्प्ले दी गई है और इसकी ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक जाती है. बाहर तेज धूप में इस्तेमाल करते समय इसका असली फायदा समझ आता है. स्क्रीन को देखने के लिए हाथ से छांव बनाने की जरूरत नहीं पड़ती. नोटिफिकेशन, मैप, वर्कआउट डेटा और वॉच फेस साफ दिखाई देते हैं.

स्क्रीन का रेजोल्यूशन 498x498 पिक्सल है और टच रिस्पॉन्स भी काफी स्मूद है. वॉच में नया Snapdragon Wear Elite प्लेटफॉर्म दिया गया है. रोज के इस्तेमाल में इसका असर साफ दिखता है. ऐप खोलने, स्क्रीन बदलने और वर्कआउट शुरू करने में वॉच तेज लगती है. इसमें 2GB RAM और 64GB स्टोरेज भी है, इसलिए ऐप्स और दूसरी चीजों के लिए अच्छी जगह मिलती है.

Galaxy Watch Ultra 2: Battery 

लेकिन मेरे लिए Galaxy Watch Ultra 2 का सबसे बड़ा अपग्रेड इसकी बैटरी है. इसमें 800mAh की बैटरी दी गई है, जो सैमसंग की पिछली Ultra Watch से बड़ी है. कंपनी का दावा है कि यह Always-On Display के साथ 60 घंटे और उसे बंद करके 80 घंटे तक चल सकती है. असली जिंदगी में बैटरी इस बात पर निर्भर करती है कि आप GPS, LTE, वर्कआउट और स्क्रीन कितनी इस्तेमाल करते हैं.

मेरे इस्तेमाल में यह ऐसी स्मार्टवॉच नहीं लगी जिसे हर रात चार्जर पर लगाना पड़े. यही चीज इसे रोज इस्तेमाल करने में ज्यादा आरामदायक बनाती है. अगर आप लगातार वर्कआउट और GPS इस्तेमाल करते हैं तो बैटरी जल्दी खत्म होगी, लेकिन सामान्य इस्तेमाल में इसकी बैटरी पिछली Galaxy Watches से कहीं बेहतर महसूस होती है. फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है, इसलिए जरूरत पड़ने पर जल्दी चार्ज किया जा सकता है.

Galaxy Watch Ultra 2: Health & Fitness

Galaxy Watch Ultra 2 सिर्फ नोटिफिकेशन देखने वाली वॉच नहीं है. सैमसंग ने इसमें हेल्थ और फिटनेस पर काफी फोकस किया है. इसमें हार्ट रेट सेंसर, ECG सेंसर, बॉडी कंपोजिशन सेंसर, तापमान सेंसर, बैरोमीटर और दूसरे कई सेंसर दिए गए हैं. मैंने खासतौर पर हार्ट रेट, स्टेप्स, वर्कआउट और स्लीप ट्रैकिंग पर ध्यान दिया.

वर्कआउट के दौरान वॉच काफी अच्छा डेटा देती है. आप अपनी हार्ट रेट, पेस, दूरी और दूसरी जानकारी सीधे कलाई पर देख सकते हैं. इसमें GPS सपोर्ट है और कई सैटेलाइट सिस्टम के साथ काम करती है, जिससे बाहर रनिंग या साइक्लिंग करते समय ट्रैकिंग बेहतर होती है.

इस बार सैसमंग ने Ultra 2 में आउटडोर और एडवेंचर इस्तेमाल को भी ज्यादा मजबूत किया है. ट्रेल रन जैसे फीचर से रनिंग के दौरान चढ़ाई, ऊंचाई और रास्ते से जुड़ी ज्यादा जानकारी मिलती है. अगर आप ट्रेकिंग या लंबी आउटडोर रनिंग करते हैं तो यह फीचर काम आ सकता है. वॉच को 10ATM और IP69K रेटिंग मिली है. यह EN13319 डाइविंग स्टैंडर्ड को भी सपोर्ट करती है. यानी इसे सिर्फ जिम या ऑफिस के लिए नहीं बनाया गया है.

Galaxy Watch Ultra 2: Software

रोजमर्रा के इस्तेमाल में मुझे इसका सॉफ्टवेयर एक्सपीरिएंस भी अच्छा लगा. यह Wear OS पर चलती है. फोन से नोटिफिकेशन देखने, कॉल हैंडल करने, मैसेज का जवाब देने, म्यूजिक कंट्रोल करने और ऐप्स इस्तेमाल करने में वॉच काफी सक्षम है. सैमसंग फोन के साथ इसका एक्सपीरिएंस सबसे बेहतर मिलता है, क्योंकि दोनों डिवाइस आपस में ज्यादा अच्छे तरीके से जुड़े हुए महसूस होते हैं.

यही जगह है जहां एक बात ध्यान रखने वाली है. अगर आप सैसमंग फोन इस्तेमाल करते हैं तो Galaxy Watch Ultra 2 का पूरा एक्सपीरिएंस ज्यादा अच्छा मिलेगा. 

Galaxy Watch Ultra 2 खरीदनी चाहिए?

मेरे हिसाब से अगर आप पहले से सैमसंग फोन इस्तेमाल करते हैं, फिटनेस और हेल्थ ट्रैकिंग में दिलचस्पी रखते हैं, लंबी बैटरी चाहते हैं और एक सॉलिड प्रीमियम स्मार्टवॉच चाहिए, तो Galaxy Watch Ultra 2 एक शानदार विकल्प है. एडवेंचर में ज्यादा दिलचस्पी है और घूमने फिरने का शौक रखते हैं तो भी ये अच्छा ऑप्शन है. 

इसकी 5,000 निट्स वाली डिस्प्ले, 800mAh बैटरी, तेज परफॉर्मेंस, 64GB स्टोरेज और मजबूत बॉडी इसे सैमसंग की अब तक की सबसे पावरफुल स्मार्टवॉच बनाते हैं.

लेकिन अगर आपकी कलाई छोटी है, आपको हल्की वॉच पसंद है या आपका इस्तेमाल सिर्फ स्टेप्स और नोटिफिकेशन तक लिमिटेड है, तो इसकी Ultra कीमत और बड़ा साइज शायद आपके लिए सही न हो. 

आज तक टेक रेटिंग: 8/10

---- समाप्त ----