FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में कई कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की. Shreyash Retail Pvt. Ltd. का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. कंपनी पर फ्लिपकार्ट के जरिए एक्सपायर्ड और खराब खाद्य उत्पाद बेचने का आरोप है. Shreyash Retail के खिलाफ 130 से अधिक उपभोक्ता शिकायतें मिली थीं. इनमें 70 से ज्यादा शिकायतें विशेष रूप से एक्सपायर्ड या खराब खाद्य उत्पादों की बिक्री से जुड़ी थीं. कुछ उपभोक्ताओं ने ऐसे उत्पाद खाने के बाद उल्टी होने की शिकायत भी की थी
कंपनी को पहले भी सुधार के नोटिस और निर्देश दिए गए थे, लेकिन वह भविष्य में इस तरह के उल्लंघन रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं दिखा सकी. दिल्ली और नोएडा में फ्लिपकार्ट के ऑर्डर की वेयरहाउसिंग, पैकिंग और डिलीवरी से जुड़े परिसरों के निरीक्षण में भी एक्सपायर्ड और जल्द एक्सपायर होने वाले खाद्य उत्पाद पाए गए. इसके अलावा साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़ी कमियां भी सामने आईं.
Nex International के खिलाफ भी कार्रवाई
FSSAI ने Nex International के खिलाफ भी कार्रवाई की. कंपनी से लिए गए खुली किशमिश के सैंपल में तय सीमा से ज्यादा कीटनाशक अवशेष पाए गए. कंपनी की अपील के बाद सैंपल की दोबारा जांच रेफरल लैब में कराई गई. दोबारा जांच में भी किशमिश को असुरक्षित पाया गया
इसमें बेनोमाइल और कार्बेंडाजिम समेत कई कीटनाशकों के अवशेष तय अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए. FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है.
Celev ida GLP+ के विज्ञापनों पर भी नोटिस
FSSAI ने Celev ida GLP+ नाम के उत्पाद के विज्ञापन और दावों को लेकर Dr. Reddy’s, Nestle Health Science, Tirupati Wellness, Flipkart India, Amazon Seller Services और Netmeds Healthcare समेत संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी किया. FSSAI के अनुसार, उत्पाद का प्रचार GLP-1/GIP थेरेपी के दौरान मांसपेशियों को बनाए रखने और वजन घटाने में मदद करने जैसे दावों के साथ किया जा रहा था.
नियामक ने इन दावों को भ्रामक माना है. विज्ञापनों में उत्पाद को High Protein Support for Lean Muscle Preservation, Complete Daily Nourishment और dependable nutrition in every serving जैसे दावों के साथ प्रचारित किया गया. पैकेजिंग पर muscle strength, supports immunity और energy metabolism जैसे स्वास्थ्य संबंधी दावे भी किए गए थे.
FSSAI ने Imported from Europe for purity जैसे दावे को भी भ्रामक बताया. Contains 100% RDA BCAA दावे पर भी आपत्ति जताई गई है. FSSAI ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया.
ये भी पढ़ें- क्या अब पैकेज्ड फूड के बारे में स्कूलों में होगी पढ़ाई? FSSAI ने शिक्षा मंत्रालय के सामने रखा प्रस्ताव

कुमार कुन्दन
साल 2004 में "जी न्यूज" से पत्रकारिता की शुरुआत किया। इसके बाद "टोटल टीवी", "न्यूज24", " इंडिया टीवी", इसके बाद "राजस्थान पत्रिका" अखबार और फिर टीवी 9 भारतवर्ष से जुड़ा.
Read More