हिमांशु तिवारी | कानपुर47 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के घाटमपुर नगर पालिका परिषद में वर्ष 2011 से कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत दीपक कुमार गुप्ता को नौकरी से हटाए जाने के मामले में नया विवाद सामने आया है। उनकी मां सुधा गुप्ता ने नगर पालिका चेयरमैन के पति हाफिज अब्दुल आहद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि दीपक को सेवा में बनाए रखने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की गई थी। रकम नहीं देने पर नौकरी से हटाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
सुधा गुप्ता की तहरीर पर घाटमपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं चेयरमैन पति ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि दीपक को हटाने या रखने का उनके पास कोई अधिकार नहीं है।

मां बोली- नौकरी में बनाए रखने के लिए मांगे 50 हजार
घाटमपुर निवासी सुधा गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा दीपक कुमार वर्ष 2011 से नगर पालिका परिषद में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम कर रहा था।
आरोप है कि चेयरमैन पति हाफिज अब्दुल आहद नगर पालिका के कामकाज में हस्तक्षेप करते हैं। सुधा के मुताबिक, दीपक को सेवा में स्थायी रूप से बनाए रखने के लिए 50 हजार रुपए मांगे गए थे। रकम 5 अगस्त 2025 तक देने को कहा गया था। रकम नहीं देने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी गई।
सुधा का आरोप है कि रकम नहीं देने के बाद दीपक पर झूठा आरोप लगाकर FIR दर्ज कराई गई और उसे नौकरी से हटा दिया गया।
तीन कर्मचारियों को दोबारा रखा, बेटे को नहीं लिया
सुधा ने तहरीर में बताया कि दीपक के साथ नौकरी से हटाए गए तीन अन्य कर्मचारियों को बाद में दोबारा काम पर रख लिया गया, लेकिन उनके बेटे को वापस नहीं लिया गया। आरोप है कि बेटे को दोबारा नौकरी पर रखने की बात करने के लिए वह कार्यालय पहुंचीं। वहां डर-धमकाकर उनसे 10 हजार रुपए ले लिए गए। बाकी 40 हजार रुपए बाद में देने की बात कही गई।
इसके बाद गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। सुधा ने बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
चेयरमैन पति बोले- खुन्नस में कराया मुकदमा
चेयरमैन पति अब्दुल अहद ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सुधा गुप्ता से कोई मुलाकात नहीं हुई है। जो भी बातचीत हुई है, वह रामकिशन गुप्ता से हुई है। उन्होंने उल्टा धमकी देने का आरोप लगाया। अब्दुल अहद ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को रखने या हटाने का उनके पास कोई अधिकार नहीं है। दीपक गुप्ता को हटाए जाने की खुन्नस में उनकी मां ने उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.