world-news

Honda 0 Alpha EV: गाड़ी से नज़र नहीं हटेगी! भारत में इस दिन लॉन्च होगी होंडा की पहली इलेक्ट्रिक कार

October 16, 2026

Honda 0 Alpha EV India Launch: जापानी कार कंपनी होंडा भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों की दौड़ में उतरने की तैयारी कर रही है. कंपनी अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक कार के तौर पर Honda 0 Alpha के प्रोडक्शन मॉडल को 2 दिसंबर को भारत में पेश करेगी. इस SUV के कॉन्सेप्ट मॉडल से अक्टूबर 2025 में पर्दा उठाया गया था. अब इसका प्रोडक्शन मॉडल भारतीय सड़कों पर उतरने के लिए तैयार है. 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी नवंबर में इस SUV के फाइनल नाम का खुलासा कर सकती है. हाल ही में इस इलेक्ट्रिक SUV को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया था. इसके कॉप्सेप्ट मॉडल के डिज़ाइन को लोगों ने काफी पसंद किया था. अब इसके प्रोडक्शन रेडी वर्जन का इंतजार है. टाटा, मारुति, महिंद्रा, एमजी मोटर, हुंडई, विनफास्ट, बीवाईडी और किआ के बाद होंडा अगली कंपनी होगी जो भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री करेगी.

Honda 0 Alpha EV

Honda 0 Alpha EV को कंपनी दो अलग-अलग बैटरी पैक के साथ पेश करेगी. Photo: Honda.com


कैसी होगी Honda 0 Alpha EV 

सम्बंधित ख़बरें

Honda ने फिलहाल अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV की तकनीकी जानकारी पूरी तरह साझा नहीं की है. हालांकि, कंपनी ने पुष्टि की है कि इसमें दो बैटरी पैक के ऑप्शन मिलेंगे. दोनों बैटरी में LFP यानी लिथियम आयरन फॉस्फेट तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इनकी क्षमता 65kWh से 75kWh के बीच होने की उम्मीद है. लॉन्च के समय इस SUV में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर और फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) सेटअप मिल सकता है. हालांकि, बैटरी कैपेसिटी, ड्राइविंग रेंज और मोटर की पावर से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से यह साफ हो चुका है कि, Honda की ये इलेक्ट्रिक SUV अपने कॉन्सेप्ट मॉडल से काफी हद तक मिलती-जुलती होगी. इसका लुक कंपनी की मौजूदा कारों से काफी अलग है. SUV के पिछले हिस्से में स्ट्रेट टेलगेट और मोटा C-पिलर दिया जा सकता है, जो इसे MPV जैसा लुक देता है. पीछे की तरफ बड़ी विंडस्क्रीन और नीचे की ओर निकला हुआ बंपर नजर आता है. बंपर के निचले हिस्से में डिफ्यूजर जैसा डिजाइन एलिमेंट भी मिलने की उम्मीद है.
 

Honda 0 Alpha EV

Honda 0 Alpha EV का केबिन काफी मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस होगा. Photo: Honda.com

केबिन में बड़ी टचस्क्रीन

Honda 0 Alpha के टेस्ट मॉडल की पहले सामने आई तस्वीरों में इसके केबिन की झलक भी देखने को मिली थी. इसमें बड़ी टचस्क्रीन दी जा सकती है, जबकि ड्राइवर के लिए इसके दाईं ओर थोड़ा छोटा डिजिटल डिस्प्ले नजर आया है. SUV में थ्री-स्पोक वाला फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील भी मिल सकता है, जिसके साथ पैडल शिफ्टर्स दिए गए हैं.

सेंटर कंसोल पर कई फिजिकल बटन दिखाई दिए हैं. इनका इस्तेमाल क्लाइमेट कंट्रोल और वेंटिलेटेड सीटों जैसे फीचर्स को ऑपरेट करने के लिए किया जा सकता है. हालांकि, इन फीचर्स और उनके फंक्शन की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. इस एसयूवी का व्हीलबेस लगभग 2,700 मिमी से 2,800 मिमी के बीच होने की संभावना है. जिससे यूजर्स को केबिन में बेहतर स्पेस मिलेगा. 

Honda 0 Alpha EV

Honda 0 Alpha EV का प्रोडक्शन भारत में ही किया जाएगा, ताकि इसकी कीमत कम रहे. Photo: Honda.com


लॉन्च के बाद Honda 0 Alpha का मुकाबला भारतीय बाजार की मिडसाइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में होगा. ये कार मूल रूप से महिंद्रा बीई 6, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, टाटा सिएरा ईवी, मारुति ई विटारा और टोयोटा अर्बन क्रूजर जैसे मॉडलों को टक्कर देगी. हालांकि लॉन्च से पहले इसकी कीमत के बारे में कुछ भी कहना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन माना जा रहा है कि कंपनी इसे 15-16 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में पेश कर सकती है.

राजस्थान में बनेगी कार

Honda अपनी इस इलेक्ट्रिक SUV का निर्माण भारत में ही करेगी. राजस्थान के टपूकड़ा स्थित कंपनी के प्लांट को इसके प्रोडक्शन किया जाएगा. इससे Honda को भारतीय बाजार के हिसाब से अपनी इलेक्ट्रिक SUV तैयार करने में मदद मिल सकती है.

---- समाप्त ----