Electric 2 Wheeler: वियतनामी कंपनी विनफास्ट ने भारतीय बाजार में एंट्री के लिए नए इलेक्ट्रिक स्कूटर और इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के डिजाइन पेटेंट फाइल किए हैं।
नए इलेक्ट्रिक स्कूटर और इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के डिजाइन पेटेंट फाइल
- Published: 20 Jul 2026, 08:22 PM IST
- Last Updated: 20 Jul 2026, 08:22 PM IST
Electric 2 Wheeler: वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता विनफास्ट (VinFast) भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी पहले ही पुष्टि कर चुकी है कि वह 2026 की दूसरी छमाही में अपने ग्लोबल पोर्टफोलियो के तीन इलेक्ट्रिक स्कूटरों के साथ भारत में एंट्री करेगी। अब कंपनी ने भारत में दो नए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के डिजाइन पेटेंट फाइल किए हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि उसका प्रोडक्ट पोर्टफोलियो शुरुआती योजना से कहीं बड़ा हो सकता है।
VinFast Viper स्कूटर का डिजाइन आया सामने
हाल ही में फाइल किए गए पेटेंट में VinFast Viper इलेक्ट्रिक स्कूटर का प्रोडक्शन-रेडी डिजाइन देखने को मिला है। यह मॉडल वियतनाम में बिक्री के लिए उपलब्ध स्कूटर से काफी हद तक मेल खाता है। पहले सामने आए पेटेंट की तुलना में इस बार का डिजाइन अधिक फाइनल और प्रोडक्शन मॉडल जैसा दिखाई देता है।
स्कूटर में शार्प बॉडीवर्क, सिंगल-पीस LED हेडलाइट, फाइव-स्पोक अलॉय व्हील्स और हब-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। वियतनाम में बिकने वाले Viper मॉडल में 4.8 kWh बैटरी पैक और 3 kW इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है।
इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल का भी डिजाइन पेटेंट
VinFast ने एक इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल का डिजाइन पेटेंट भी दाखिल किया है, जो कंपनी के Sulad Concept से काफी मिलता-जुलता नजर आता है। VinFast ने इस कॉन्सेप्ट को इस साल की शुरुआत में अपनी भविष्य की इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल रणनीति के तहत पेश किया था।
हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके आधिकारिक स्पेसिफिकेशन साझा नहीं किए हैं, लेकिन वियतनामी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके प्रोडक्शन वर्जन में 50 kW तक की इलेक्ट्रिक मोटर और लगभग 130 किमी/घंटा की टॉप स्पीड मिल सकती है।
भारत के लिए बड़े प्लान के संकेत
इन नए डिजाइन पेटेंट्स से यह साफ संकेत मिलता है कि VinFast भारत में सिर्फ इलेक्ट्रिक स्कूटर तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी भविष्य में इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल समेत कई नए मॉडल भी पेश करने पर विचार कर रही है।
हालांकि, किसी डिजाइन पेटेंट का फाइल होना इस बात की गारंटी नहीं देता कि संबंधित वाहन को बाजार में जरूर लॉन्च किया जाएगा। इसके बावजूद, यह जरूर माना जा सकता है कि VinFast भारतीय बाजार के लिए इन मॉडलों का गंभीरता से मूल्यांकन कर रही है।
लॉन्च टाइमलाइन का इंतजार
फिलहाल VinFast ने Viper इलेक्ट्रिक स्कूटर या नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल की भारत में लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है। आने वाले समय में कंपनी अपनी रणनीति और नए उत्पादों को लेकर और जानकारी साझा कर सकती है।
(मंजू कुमारी)