education

DUSU चुनाव: डीयू के Gen Z को ABVP पसंद है! अध्यक्ष समेत सभी चार पदों पर बनाई बढ़त

September 19, 2026

DUSU चुनाव: डीयू के Gen Z को ABVP पसंद है! अध्यक्ष समेत सभी चार पदों पर बनाई बढ़त

दिल्ली यूनीवर्सीटी छात्रसंघ चुनाव

दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) चुनाव 2026 के लिए शनिवार को मतगणना का सिलसिला जारी है. राउंड-7 की मतगणना पूरी होने के बाद चारों प्रमुख पदों की स्थिति सामने आ गई है. इसके साथ ही अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर उम्मीदवारों के वोटों की स्थिति सामने आ गई है. अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास 8,825 वोटों के साथ आगे हैं, जबकि NSUI के विजय मीना को 8,216 वोट मिले हैं. उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु 11,347 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं. सचिव पद पर ABVP की रिया 7,584 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, संयुक्त सचिव पद पर SCS के विशेष यादव 6,165 वोटों के साथ आगे हैं. राउंड-7 में ABVP आगे चल रही है.

शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई थी. इस चुनाव में ABVP और NSUI के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है. मतगणना के दौरान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास कड़ी निगरानी रखी जा रही है. पुलिस, पैरामिलिट्री और ड्रोन से निगरानी की जा रही है.

शुरुआती राउंड में ABVP उम्मीदवार आगे

DUSU चुनाव की पहले राउंड की मतगणना में ABVP उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई है. अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास को 1305 वोट मिले, जबकि NSUI के विजय शंकर मीना को 1191 वोट मिले.

उपाध्यक्ष पद पर ABVP के ईशू मौर्य को 865 वोट मिले हैं. NSUI के वीर चतरथ को 242 वोट मिले. वहीं दीपांशु शौकीन को 1391 वोट मिले हैं.

सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी को 909 वोट और NSUI की नम्रता चौधरी को 450 वोट मिले हैं. संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह को 938 वोट, NSUI के गोपाल चौधरी को 698 वोट और विशेष यादव को 996 वोट मिले हैं.

पिछले DUSU चुनाव के नतीजे

पिछले DUSU चुनाव में ABVP ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर कब्जा किया था, जबकि NSUI को उपाध्यक्ष पद मिला था. इस चुनाव में भी दोनों छात्र संगठनों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है.

52 केंद्रों पर कितना प्रतिशत मतदान?

DUSU चुनाव 2026-27 के लिए शुक्रवार को मतदान कराया गया था. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 52 मतदान केंद्रों पर कुल 40.46 प्रतिशत वोटिंग हुई. नियमित कॉलेजों में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक और सांध्य कॉलेजों में दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान हुआ.

कितने उम्मीदवार मैदान में हैं?

केंद्रीय पैनल के चार प्रमुख पदों पर इस बार 19 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. अध्यक्ष पद पर 7, उपाध्यक्ष पर 5, सचिव पर 4 और संयुक्त सचिव पद पर 4 उम्मीदवार हैं.

मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा

काउंटिंग को देखते हुए स्ट्रांग रूम के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस के साथ आसपास के जिलों की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी तैनात है. DCP नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट निहारिका भट्ट के मुताबिक करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पैरामिलिट्री और ड्रोन से भी निगरानी होगी. सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है.

विजय जुलूस पर हाईकोर्ट की रोक

दिल्ली हाईकोर्ट ने DUSU चुनाव से जुड़े मामले में विजय जुलूस निकालने पर रोक लगाई है. इसके अलावा चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा से जुड़े मामले में 140 उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इसलिए नतीजे आने के बाद किसी भी उम्मीदवार या समर्थक को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी.