education

DUSU इलेक्शन के वोटों की गिनती और रिजल्ट पर लग सकती है रोक, चुनावी हिंसा पर नाराज हाईकोर्ट

September 17, 2026

DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) इलेक्शन 2026 के लिए 18 सितंबर को मतदान होना है. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने डीय प्रशासन, दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार को फटकार लगाई है. डूसू चुनाव प्रचार में हुई हिंसा पर नाराजगी जताते हुए हाईकोर्ट ने जवाब तलब किया है. इसके लिए 18 सितंबर तक का समय दिया गया है. साथ ही हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि कल यानी शुक्रवार 18 सिंतबर को दाखिल जवाब से अगर वह संतुष्ट नहीं होता है तो डूसू चुनाव के वोटों की गिनती और नतीजों पर रोक लगाने का आदेश दे सकता है.

आइए, पूरा मामला विस्तार से जानते हैं. जानते हैं कि डूसू चुनाव में हुई हिंसा का मामला क्या है. जानते हैं कि कोर्ट ने इस मामले में क्या कहा है.

लोकतंत्र को आपराधिक समाज में नहीं बदला जा सकता: कोर्ट

डूसू चुनाव प्रचार में हुई हिंंसा से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि अब बहुत हो गया. दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई में DUSU चुनावों के दौरान हिंसा को रोकने में नाकाम रहने पर दिल्ली यूनिवर्सिटी, केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को फटकार लगाई.कोर्ट ने आगे कहा कि लोकतंत्र को आपराधिक समाज में बदलने की इजाज़त नहीं दी जा सकती. हाईकोर्ट ने DU प्रशासन, दिल्ली पुलिस और सरकार से शुक्रवार तक इस मामले में रिपोर्ट मांगी है. साथ ही चेतावनी दी है कि संताेषजनक ना होने पर चुनाव रिजल्ट रोका जा सकता है.

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कई जगह हिंसा

डूसू चुनाव के आखिरी दिन कई जगह हिंसा के मामले सामने आए हैं. डीयू लॉ सेंटर-2 में छात्र गुटों के बीच झड़प हो गई. ये छात्र गुट ABVP और NSUI से जुड़े बताए जा रहे हैं. तो वहीं मोती लाल नेहरू कॉलेज और श्री अरविंदो कॉलेज में टीचर्स के साथ बदसलूकी का मामले सामने आया है. शिक्षकों व शिक्षक संघ ने प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इससे पूर्व मुखर्जी नगर में पोस्टर फाड़ने पर दो छात्र गुट आमने-सामने आ गए थे.डूसू चुनाव लड़ रहे छात्र संगठन ABVP और NSUI इन हिंसाओं के लिए एक दूसरे को दोषी बता रहे हैं. वहीं शिक्षक संगठन ने हिंसा से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने की मांग की है.

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button