world-news

Durga Ashtami 2026: मां दुर्गा की कृपा पाने का खास दिन, मासिक दुर्गाष्टमी पर जरूर अपनाएं ये खास उपाय!

August 20, 2026

Durga Ashtami August 2026: मां दुर्गा को हिंदू धर्म में शक्ति, साहस और रक्षा की देवी माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि मां दुर्गा अपने भक्तों के दुख-दर्द दूर करती हैं और उन्हें हर तरह के संकट से लड़ने की शक्ति देती हैं. देवी की आराधना के लिए मासिक दुर्गाष्टमी का दिन सबसे विशेष माना जाता है. हर महीने शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मासिक दुर्गाष्टमी मनाई जाती है. इस दिन भक्त व्रत रखकर मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा करते हैं. मान्यता है कि इससे सुख-समृद्धि और देवी की कृपा प्राप्त होती है.

सावन महीने में पड़ने के कारण इस दुर्गाष्टमी का महत्व और भी बढ़ जाता है. इस दिन श्रद्धालु मां दुर्गा का व्रत रखते हैं और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति के लिए देवी की पूजा करते हैं. आज 20 अगस्त को मासिक दुर्गाष्टमी मनाई जा रही है. अगर आपने इस दिन व्रत रखा है तो कुछ विशेष उपायों को अपनाकर आप देवी को प्रसन्न करते हैं.

दुर्गाष्टमी शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, इस बार सावन मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 19 अगस्त 2026 को शाम 7 बजकर 19 मिनट से शुरू हुई और 20 अगस्त को रात 9 बजकर 18 मिनट तक रहेगी. उदयातिथि के मुताबिक, मासिक दुर्गाष्टमी का व्रत 20 अगस्त 2026, गुरुवार को रखा जा रहा है.

  1. पूजा का शुभ मुहूर्त – सुबह 11:37 मिनट से दोपहर 12:27 मिनट तक.
  2. गोधूलि मुहूर्त – शाम 6:55 मिनट से 7:17 मिनट तक.

देवी दुर्गा को प्रसन्न करने के उपाय

  • पान के पत्ते पर गुलाब के 7 फूल या पंखुड़ियां रखकर मां दुर्गा को अर्पित करें.
  • शाम के समय माता के सामने शुद्ध घी का दीपक जलाएं.
  • मां को लाल गुड़हल (अड़हुल) या लाल कनेर के फूल चढ़ाएं.
  • लाल रंग की चुनरी और सिंदूर अर्पित करने से सौभाग्य बढ़ता है.
  • स्नान करके दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ करें.
  • मां दुर्गा के बीज मंत्र ‘ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुंडायै विच्चै’ का 108 बार जाप करें.
  • हलवा, पूरी और काले चने का भोग लगाएं.
  • 2 से 10 साल तक की कन्याओं को घर बुलाकर आदर सहित भोजन कराएं.
  • कन्याओं को फल, मिठाई या कुछ गिफ्ट दें.

मां दुर्गा को लौंग चढ़ाने से क्या होता है?

मां दुर्गा को लौंग चढ़ाने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है, सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और माता रानी शीघ्र प्रसन्न होकर भक्त की मनोकामनाएं पूरी करती हैं. दुर्गाष्टमी के दिन दीपक जलाकर उसमें कुछ लौंग डालकर देवी दुर्गा को अर्पित करना शुभ माना जाता है.

मां दुर्गा को कौन सा फल नहीं चढ़ाना चाहिए?

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, मां दुर्गा को नींबू, इमली, सूखा नारियल, नाशपाती और अंजीर जैसे फल नहीं चढ़ाने चाहिए. इसके अलावा कटे हुए, सड़े-गले, जूठे या बासी फल भी माता को अर्पित करना अशुभ और वर्जित माना जाता है.

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button