world-news

Duleep Trophy: वैभव सूर्यवंशी ने छक्के के साथ ठोका पहला अर्धशतक, सेमीफाइनल में जीवनदान का उठाया फायदा

August 31, 2026

Duleep Trophy: वैभव सूर्यवंशी ने छक्के के साथ ठोका पहला अर्धशतक, सेमीफाइनल में जीवनदान का उठाया फायदा

वैभव का अर्धशतक (PhotoL: PTI)

दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी का कमाल देखने को मिला है. उन्होंने अर्धशतक जड़ा है. वैभव का ये अर्धशतक खास है क्योंकि इसकी स्क्रिप्ट उन्होंने जीवनदान का फायदा उठाते हुए लिखी है. इसके साथ ही ये दलीप ट्रॉफी में उनका पहला अर्धशतक है. वैभव ने 42 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया. इस अर्धशतकीय पारी को खेलने के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप भी की.

वैभव सूर्यवंशी ने छक्के के साथ अर्धशतक किया पूरा

वैभव सूर्यवंशी ने 42 गेंदों पर अर्धशतक जमाया जिसमें 3 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. वैभव सूर्यवंशी ने अपने तीसरे छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया.ये उनके फर्स्ट क्लास करियर का दूसरा अर्धशतक रहा. इससे पहले उन्होंने रणजी ट्रॉफी में बिहार के लिए एक अर्धशतक लगाया है.

वैभव को ‘गेंद नंबर 32’ पर मिला था जीवनदान

सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले की पहली पारी में वैभव सूर्यवंशी ने फिफ्टी तो लगाई मगर वो वहां तक नहीं पहुंचते अगर गेंद नंबर 32 पर उन्हें जीवनदान नहीं मिलता. यहां गेंद नंबर 32 से मतलब उनकी इनिंग की 32वीं गेंद पर है, जिस पर उनका कैच सेंट्रल जोन के यश ठाकुर ने ड्रॉप कर दिया था. वैभव सूर्यवंशी तब 40 रन बनाकर खेल रहे थे.

सारांश जैन के पहले ही ओवर में बच गए थे वैभव

वैभव सूर्यवंशी के कैच ड्रॉप की घटना ईस्ट जोन की पहली पारी के 13वें ओवर की है. ये मैच में सारांश जैन का पहला ही ओवर था. सारांश जैन ने अपने ओवर की शुरुआत तो नो बॉल से की. मगर उसकी दूसरी गेंद पर वो मौका बनाया, जिसे भुनाकर सेंट्रल जोन मैच में अपनी वापसी की राह तैयार कर सकती थी. ओवर की दूसरी गेंद पर ही वैभव का वो कैच उठा था, जिसे यश ठाकुर ने छोड़ दिया था.

पहले दिन कप्तानी, दूसरे दिन बल्लेबाजी

सेंट्रल जोन और ईस्ट जोन के बीच खेले जा रहे सेमीफाइनल के पहले दिन हमने वैभव की कप्तानी का अंदाज पहली बार देखा था. कैसे उन्होंने अपने मन की सुनकर पहली बार DRS लिया और वो सफल रहा था. वैभव को पहले दिन कप्तानी का मौका ईशान किशन की इंजरी के चलते मिला था. अब दूसरे दिन वैभव ने अपनी बल्लेबाजी का लाजवाब मिजाज दिखाया है.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button