
दीपिका कक्कड़ ने क्या बताया?
Dipika Kakar:टीवी की चहेती बहू और ‘ससुराल सिमर का’ फेम दीपिका कक्कड़ अपनी जिंदगी की सबसे मुश्किल जंग बेहद हौसले और मुस्कान के साथ लड़ रही हैं. लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज करवा रहीं दीपिका ने अपने फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी है. वे एक बार फिर कैमरे के सामने लौट आई हैं. दीपिका जल्द ही अपने पति और एक्टर शोएब इब्राहिम के साथ एक रोमांटिक म्यूजिक वीडियो में नजर आने वाली हैं. हालांकि, इस कमबैक की खुशी के साथ-साथ दीपिका ने टीवी इंडस्ट्री की कड़वी हकीकत और अपनी सेहत को लेकर ऐसा दर्द बयां किया है, जिसने उनके फैंस को भावुक कर दिया है. दीपिका ने कहा है कि मौजूदा हालात में वो डेली सोप (टीवी सीरियल) में काम करने के बारे में सोच भी नहीं सकतीं.
अपने लेटेस्ट व्लॉग में वापसी का जिक्र करते हुए दीपिका ने कहा, “देखिए, इस वक्त मेरी जैसी मेडिकल कंडीशन है, उसे देखते हुए डेली सोप करना मेरे लिए बिल्कुल मुमकिन नहीं लगता. और सच कहूं तो कोई मुझे इस तरह के गंभीर ट्रीटमेंट के बीच कास्ट भी क्यों करेगा? ये इंडस्ट्री में बहुत आम बात है.” दीपिका ने आगे कहा कि उन्हें इस बात का कोई मलाल नहीं है, क्योंकि वे जानती हैं कि इलाज के अपने साइड इफेक्ट्स होते हैं. लेकिन एक दिन का म्यूजिक वीडियो शूट ऐसा प्रोजेक्ट था जिसे वो अपनी सेहत के हिसाब से मैनेज कर सकती थीं.
10 मिनट में हांफ जाता था शरीर
म्यूजिक वीडियो के लिए डांस रिहर्सल के दिनों को याद करते हुए दीपिका भावुक हो गईं. उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद जब वे डांस फ्लोर पर उतरीं, तो उन्हें अहसास हुआ कि बीमारी और दवाइयों ने उनके शरीर को अंदर से कितना कमजोर कर दिया है. रिहर्सल के दौरान उन्हें हर 10 मिनट में बैठना पड़ता था और ब्रेक लेना पड़ता था. दीपिका ने बताया कि गाने की शूटिंग पूरी हो चुकी है. वो अपनी इस छोटी सी वापसी को लेकर नर्वस भी थीं और बेहद उत्साहित भी, क्योंकि लंबे समय बाद उन्हें वही पुराना माहौल दोबारा जीने का मौका मिला.
2025 से जारी है कैंसर से जंग
तबीयत को लेकर दीपिका कक्कड़ का सफर काफी चुनौतियों भरा रहा है. साल 2025 में उन्हें स्टेज 2 लिवर कैंसर का पता चला था, जिसके बाद जून 2025 में सर्जरी के जरिए उनके लिवर से ट्यूमर निकाला गया. इसके बाद फरवरी 2026 में लिवर में सिस्ट पाए जाने पर उनका एक और सफल प्रोसीजर हुआ. बाद में दो छोटे सिस्ट और दिखे, जिसके लिए डॉक्टरों ने सर्जरी के बजाय नियमित निगरानी और ‘इम्यूनोथेरेपी’ शुरू करने की सलाह दी.
दीपिका अक्सर अपने व्लॉग्स में इस थेरेपी के चलते होने वाली परेशानियों का जिक्र करती हैं. लगातार जी मिचलाना, उल्टियां, थकान और कमजोरी ने उनकी भूख और एनर्जी लेवल को काफी प्रभावित किया है. यहां तक कि उल्टियों की वजह से एक वक्त उनका चाय पीने तक का मन नहीं करता था. इन तमाम मुश्किलों और कमजोरियों के बावजूद दीपिका का मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने लौटना ये साबित करता है कि उनका जज्बा बीमारी से कहीं ज्यादा मजबूत है. अब फैंस को बेसब्री से शोएब और दीपिका के इस नए गाने का इंतजार है.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More