Which Utensils to Buy on Dhanteras: हिंदू धर्म में धनतेरस का पर्व सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है. इस दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा करने की परंपरा है. मान्यता है कि धनतेरस पर शुभ वस्तुओं की खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है. यही वजह है कि इस दिन लोग सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर बर्तन और घर की जरूरत की दूसरी चीजें खरीदते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि धनतेरस पर किस धातु के बर्तन खरीदना सबसे शुभ माना जाता है और किन चीजों से परहेज करना चाहिए?
साल 2026 में धनतेरस का पर्व शुक्रवार, 6 नवंबर को मनाया जाएगा. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे. मान्यता है कि उनके हाथ में पीतल का कलश था, इसलिए धनतेरस पर पीतल के बर्तन खरीदना विशेष शुभ माना जाता है. इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा भगवान धन्वंतरि के प्राकट्य से भी जुड़ी है.
धनतेरस पर कौन से बर्तन खरीदने चाहिए?
धनतेरस पर पीतल, तांबा, कांसा और चांदी के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है. वहीं, रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए स्टील के बर्तन भी खरीदे जाते हैं. धार्मिक मान्यताओं में हर धातु का अपना महत्व बताया गया है.
1. पीतल के बर्तन:- धनतेरस पर पीतल के बर्तन खरीदना विशेष शुभ माना जाता है. इसकी वजह भगवान धन्वंतरि के हाथ में पीतल का कलश होने से जुड़ी धार्मिक मान्यता है. इस दिन आप पीतल का लोटा, थाली, कटोरी या पूजा में इस्तेमाल होने वाला दीया खरीद सकते हैं. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और आरोग्य बना रहता है.
2. तांबे के बर्तन:- तांबे को पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों में विशेष महत्व दिया जाता है. धनतेरस पर तांबे का लोटा, जग या गिलास खरीदना भी शुभ माना जाता है. पूजा में जल अर्पित करने के लिए तांबे के पात्र का इस्तेमाल किया जाता है.
3. कांसे के बर्तन:- धनतेरस पर कांसे के बर्तन खरीदने का भी चलन है. कांसे की थाली, कटोरी या दूसरे बर्तन घर के इस्तेमाल के लिए खरीदे जा सकते हैं.
4. चांदी के बर्तन:- अगर आपका बजट अनुमति देता है, तो धनतेरस पर चांदी की कटोरी, चम्मच या छोटा पात्र खरीद सकते हैं. चांदी के सिक्के खरीदने की भी परंपरा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, चांदी को समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है.
5. स्टील के बर्तन:- धनतेरस पर रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए स्टील के बर्तन भी खरीदे जा सकते हैं. थाली, कटोरी, गिलास या बर्तनों का सेट उपयोगी विकल्प हो सकता है.
धनतेरस पर कौन से बर्तन नहीं खरीदने चाहिए?
धनतेरस पर कुछ धातुओं और वस्तुओं की खरीदारी से बचने की सलाह दी जाती है-
- लोहे के बर्तन: लोहे को शनि देव से जोड़ा जाता है और धनतेरस पर लोहे की वस्तुएं खरीदने से बचना चाहिए.
- एल्युमिनियम के बर्तन: ऐसा मान्यता है कि धनतेरस पर एल्युमिनियम के बर्तन खरीदना शुभ नहीं होता है.
- कांच और प्लास्टिक के बर्तन: इस दिन कांच और प्लास्टिंक के बर्तन बिल्कुल भी नहीं खरीदने चाहिए.
धनतेरस पर बर्तन खरीदते समय ध्यान रखें ये बात
धार्मिक मान्यता के अनुसार, धनतेरस पर खरीदे गए बर्तन को खाली घर लाने के बजाय उसमें थोड़ा जल, चावल, चीनी या मिठाई रखकर लाना शुभ माना जाता है. इसे घर में बरकत और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. आप अपनी परंपरा के अनुसार इनमें से कोई एक चीज बर्तन में रख सकते हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More