world-news

Dhanbad News: ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया हत्यारा, BCCL कर्मी मर्डर केस में दो आरोपी गिरफ्तार

July 26, 2026

Dhanbad: कतरास थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत सोरीटांड़-कौशलपुरम के समीप हुए बीसीसीएल कर्मी जयराम मांझी की हत्या का खुलासा धनबाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कर दिया. 

मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार, मृतक का मोबाइल, एटीएम कार्ड, बाइक समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं.

इसे भी पढ़ें: 

Ranchi News: रातू रोड से एचईसी गेट तक सुधरेगी सड़क की हालत, खर्च होंगे 4.73 करोड़
झारखंड :  अगले 5 दिन राज्य में  बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, भारी बारिश और वज्रपात का खतरा

यह जानकारी रविवार को ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने प्रेसवार्ता कर दी. उन्होंने बताया कि 23 जुलाई की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरीटांड़-कौशलपुरम के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा है.

Uploaded Image

मर्डर केस में दो आरोपी गिरफ्तार

मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक के सिर और चेहरे को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या की गई थी. घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की टाटा नेक्सन कार भी बरामद हुई. जांच के दौरान मृतक की पहचान बरवाअड्डा निवासी 57 वर्षीय जयराम मांझी के रूप में हुई जो बीसीसीएल में कार्यरत थे. मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर एसआईटी गठित की गई.

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में छापेमारी कर तेतुलमारी के खास सिजुआ निवासी कुंदन कुमार और प्रेम चौहान उर्फ पुष्पा को गिरफ्तार किया.

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए गए. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कुंदन कुमार ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. इसी दौरान उसकी दोस्ती बीसीसीएल कर्मी जयराम मांझी से हुई.

कुंदन की नजर जयराम मांझी के पैसों पर थी. उसने अपने साथी प्रेम चौहान के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची. हालांकि हत्या के बाद भी आरोपी मृतक के खाते से पैसे निकालने में सफल नहीं हो सके.

ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड के खुलासे में एसआईटी की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.