
डेंगू का दिल की सेहत पर खतरा
मानसून सीजन में डेंगू के मामलों में तेजी देखी जाती है. किसी को ये बीमारी अपने चपेट में ले लेती है और लगातार प्लेटलेट्स गिरते हैं तो कंडीशन बिगड़ सकती है. इस बीमारी में प्लेटलेट्स काउंट का कम होना नॉर्मल है. पर क्या आप जानते हैं कि डेंगू का असर हमारे दिल पर भी पड़ता है. डेंगू का दिल पर क्या असर पड़ता है इसको लेकर टीवी9 ने डॉ. अनिल गोम्बर (सीनियर डायरेक्टर इंटरनल मेडिसिन यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल) से बातचीत की.
एक्सपर्ट बताते हैं कि दिल पर डेंगू का सीधा असर नहीं होता, लेकिन अगर हालात गंभीर हो जाए तो हार्ट की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है. चलिए आपको बताते हैं कि डेंगू होने पर हमारे दिल की सेहत और इसकी कार्यक्षमता पर क्या असर पड़ता है.
डेंगू का दिल पर असर
डॉक्टर अनिल का कहना है कि ज्यादातर लोग डेंगू को सिर्फ प्लेटलेट्स कम होने वाली बीमारी मानते हैं, लेकिन गंभीर मामलों में यह दिल पर भी असर डाल सकता है. डेंगू वायरस शरीर में सूजन (इन्फ्लेमेशन) बढ़ाकर दिल की मांसपेशियों को प्रभावित कर सकता है, जिससे मायोकार्डाइटिस, अनियमित धड़कन, लो ब्लड प्रेशर और दुर्लभ मामलों में हार्ट फेल्योर जैसी जटिलताएं हो सकती हैं.
होने लगती हैं ये समस्याएं
यदि डेंगू के दौरान तेज सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, लगातार चक्कर आना, बेहोशी, धड़कन का बहुत तेज या अनियमित होना या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो, तो इन्हें सामान्य लक्षण समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसे मरीजों को तुरंत अस्पताल में जांच और निगरानी की जरूरत होती है.
हार्ट फेलियर का खतरा
एक्सपर्ट कहते हैं कि टाइम पर सही इलाज न मिलने पर डेंगू शॉक सिंड्रोम की कंडीशन बन जाती है और ये जानलेवा स्थिति मानी जाती है. अगर किसी को पहले से दिल से जुड़ी बीमारी है और डेंगू हो जाए तो इससे एक्स्ट्रा प्रैशर बन सकता है. एक्सपर्ट बताते हैं कि मायोकार्डाइटिस होने पर हार्ट फेलियर भी हो सकता है.
किन लोगों में खतरा ज्यादा होता है?
उम्रदराज लोग
जिन्हें पहले से दिल की से जुड़ी बीमारी हो.
हाई ब्लड प्रेशर
डायबिटीज के मरीज
सीवियर डेंगू (Severe Dengue) से पीड़ित लोग
ये लक्षण न करें नजरअंदाज
सीने में दर्द, हार्ट रेट का बढ़ना, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर-बेहोशी, हाथ-पैरों का ठंडा पड़ना या बीपी का काफी हम होने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. अगर डेंगू होने बादे में ये लक्षण दिखे तो तुरंत हॉस्पिटल जाना चाहिए.

मनीष रायसवाल
मनीष रायसवाल वर्तमान में टीवी9 डिजिटल में लाइफस्टाइल बीट पर बतौर टीम लीड काम कर रहे हैं. मनीष के करियर की शुरुआत साल 2015 से इंडिया न्यूज के डिजिटल प्लेटफार्म Inkhabar के साथ बतौर सब एडिटर हुई थी. अलग-अलग पड़ावों को पार करते हुए इन्होंने इंडिया न्यूज, अमर उजाला और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. 2009 से 2012 के बीच जामिया मिलिया इस्लामिया से बीए ऑनर्स मास मीडिया में ग्रेजुएशन और 2012-13 के बीच देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान भारतीय जनसंचार संस्थान (दिल्ली) से डिप्लोमा करने के बाद मनीष पत्रकारिता से जुड़े हैं. मनीष लाइफस्टाइल के अलावा, हेल्थ, सोशल, वुमेन और बाल विकास और ट्रैवलिंग जैसे विषयों पर लिखना पसंद करते हैं. लाइफस्टाइल से जुड़े ज्यादातर टॉपिक्स पर इन्हें नई चीजें सीखने का शौक है.
Read More