Published: Saturday, September 12, 2026, 11:26 [IST]
Deepika Padukone: दीपिका पादुकोण बॉलीवुड की उन एक्ट्रेसेस में शामिल हैं, जो अपनी खूबसूरती और दमदार एक्टिंग के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। इन दिनों एक्ट्रेस अपनी अपकमिंग फिल्म किंग और पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही में रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर दीपिका पादुकोण और अपनी बेटी दुआ के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिन्हें फैंस ने खूब पसंद किया।
15 साल की दीपिका पादुकोण के साथ क्या हुआ था?
तस्वीरों में दीपिका पादुकोण का बेबी बंप भी नजर आया था। हालांकि इन सबके बीच एक्ट्रेस से जुड़ा उनका एक पुराना किस्सा भी चर्चा में आ गया है। ये कहानी उस वक्त की है, जब दीपिका पादुकोण महज 15 साल की थीं और उन्होंने सड़क पर एक मनचले को ऐसा सबक सिखाया था, जिसे वो शायद जिंदगीभर नहीं भूल पाया होगा।
परिवार के साथ डिनर के बाद घर लौट रही थीं दीपिका पादुकोण
-दीपिका पादुकोण ने एक इंटरव्यू में अपनी जिंदगी से जुड़ा ये किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि एक बार वह अपने परिवार के साथ घर के पास स्थित एक रेस्तरां में डिनर करने गई थीं। डिनर के बाद परिवार ने सोचा कि घर ज्यादा दूर नहीं है, इसलिए गाड़ी लेने के बजाय पैदल ही वापस चला जाए।
-दीपिका पादुटोण उस समय करीब 15 साल की थीं और अपने माता-पिता के साथ सड़क पर पैदल घर लौट रही थीं। तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक आया और उनकी ओर देखकर सीटी बजाने लगा। परिवार ने पहले उसकी इस हरकत को नजरअंदाज करने की कोशिश की लेकिन वो युवक यहीं नहीं रुका।
पिता ने गुस्से से देखा, फिर भी नहीं माना मनचला
दीपिका पादुकोण के मुताबिक उनके पिता प्रकाश पादुकोण ने बाइक सवार की तरफ पलटकर गुस्से से देखा। शायद उन्हें उम्मीद थी कि उनके इस इशारे से युवक अपनी हरकत बंद कर देगा लेकिन उस पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वह लगातार परिवार का पीछा करता रहा और परेशान करने की कोशिश करता रहा। दीपिका पादुकोण को इस बात पर गुस्सा तो बहुत आ रहा था लेकिन पैरेंट्स के साथ होने की वजह से उन्होंने शुरुआत में खुद को रोक लिया। मगर जब उस शख्स ने पीछा करना बंद नहीं किया तो दीपिका का सब्र जवाब दे गया।
दीपिका पादुकोण को अपनी ओर आता देखकर खुश हो गया था लड़का
इसके बाद जो हुआ, उसने दीपिका पादुकोण के पूरे परिवार को हैरान कर दिया था। एक्ट्रेस अचानक उस बाइक सवार की तरफ बढ़ने लगीं। उन्हें अपनी ओर आता देखकर वह युवक उल्टा खुश हो गया। उसे शायद लगा कि उसकी हरकतों का दीपिका पर कोई और असर हुआ है और वह उससे प्रभावित होकर उसकी ओर आ रही हैं। किस्सा सुनाते हुए एक्ट्रेस ने बताया था कि वह भी उसकी ओर मुस्कुराते हुए बढ़ी थीं लेकिन युवक को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ सेकंड में उसके साथ क्या होने वाला है।
कॉलर पकड़ा और जड़ दिया जोरदार थप्पड़
दीपिका पादुकोण जैसे ही उस शख्स के पास पहुंचीं, उन्होंने उसका कॉलर पकड़ लिया और जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ इतना तेज था कि उसका गाल लाल हो गया और वह सड़क पर ही गिर पड़ा। दीपिका पादुकोण ने बताया था कि इसके बाद वह अपने पिता की ओर मुड़ीं और मजेदार अंदाज में कहा कि अब यह पूरी जिंदगी 'ईलू-ईलू' नहीं गाएगा। उनका ये जवाब सुनकर पूरा किस्सा और भी यादगार बन गया।
पिता प्रकाश पादुकोण ने बेटी पर जताया गर्व
इस घटना के बाद दीपिका पादुकोण के पिता प्रकाश पादुकोण ने जिस तरह अपनी बेटी का हौसला बढ़ाया, वो भी इस कहानी का खास हिस्सा है। उन्होंने दीपिका पादुकोण की हिम्मत की सराहना करते हुए कहा था कि उन्हें भरोसा है कि उनकी बेटी अपना ख्याल खुद रख सकती है और उन्हें उसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। दीपिका पादुकोण के लिए ये सिर्फ एक पुरानी घटना नहीं थी बल्कि उस उम्र में अपने लिए आवाज उठाने और गलत व्यवहार के खिलाफ खड़े होने का एक अनुभव भी था।
आज बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल हैं दीपिका पादुकोण
-आज वही दीपिका पादुकोण बॉलीवुड की सबसे चर्चित एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हैं। 'ओम शांति ओम' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने 'पद्मावत', 'बाजीराव मस्तानी', 'पठान' और कई दूसरी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का दम दिखाया है।
-दीपिका पादुकोण अक्सर महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी राय रखती हैं। यही वजह है कि उनकी पुरानी जिंदगी से जुड़े किस्से भी फैंस की दिलचस्पी का विषय बन जाते हैं। 15 साल की उम्र में मनचले को सबक सिखाने का ये किस्सा भी बताता है कि पर्दे पर नजर आने वाली दीपिका पादुकोण असल जिंदगी में भी काफी बेबाक और आत्मविश्वासी रही हैं।