
अरशद नदीम का CWG 2026 फाइनल में बुरा हाल हुआ,Image Credit source: PTI
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 भारत के लिए अच्छा साबित हुआ, जहां देश के खिलाड़ियों ने 39 पदक जीते. इसमें से 2 पदक उस खेल में आए, जिसका सबसे ज्यादा इंतजार था. ये था मेंस जैवलिन थ्रो, जिसमें भारत के स्टार नीरज चोपड़ा और मौजूदा ओलंपिक और डिफेंडिंग कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अरशद नदीम की टक्कर हुई. भारतीय दिग्गज ने जहां सिल्वर मेडल हासिल किया तो वहीं नदीम बुरी तरह फेल रहे. इसके बाद से ही पाकिस्तानी एथलीट पर सवाल उठ रहे हैं और अब उन्होंने इस नाकामी के पीछे मौसम को दोष देते हुए अजब बहाना बनाया है.
ग्लासगो गेम्स में 31 जुलाई की रात जैवलिन थ्रो का फाइनल इवेंट हुआ. नजरें नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम की टक्कर पर थीं, जबकि एंडरसन पीटर्स और श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागा भी दावेदार के रूप में उतरे थे. मगर शुरुआती 2 थ्रो के बाद ये मुकाबला सिर्फ नीरज और रुमेश के बीच ही रह गया और बाकी सभी बराबरी करने की कोशिश करते रह गए. मगर इसमें भी सबसे ज्यादा चौंकाने वाला प्रदर्शन अरशद नदीम का रहा.
हार के लिए मौसम को दे दिया दोष
अरशद इस फाइनल के पहले राउंड में ही बाहर हो गए, जहां वो शुरुआती 3 थ्रो के बाद टॉप-8 में जगह नहीं बना सके. एशिया में 92.97 मीटर के साथ बेस्ट थ्रो का रिकॉर्ड रखने वाले नदीम का यहां सबसे अच्छा थ्रो सिर्फ 78 मीटर के करीब रहा. इस प्रदर्शन के बाद से ही नदीम सवालों के घेरे में हैं. ऐसे में पाकिस्तान लौटने पर अरशद नदीम ने इस हालत की वजह बताई. मीडिया से बात करते हुए पाकिस्तानी एथलीट ने कहा, “सर्दी की वजह से मेरा शरीर काफी अकड़ गई थी. मौसम काफी ठंडा था और इसलिए मेरी बॉडी चल नहीं रही थी.”
Pakistan’s Olympic gold medalist Arshad Nadeem revealed that cold weather caused his body to stiffen, affecting his run-up during the Commonwealth Games, where he finished ninth in the javelin event 🇵🇰#TOKSports #ArshadNadeem #CommonWealthGames #JavelinThrow #PakistanAthlete pic.twitter.com/FzGrB6k2TB
— TOK Sports (@TOKSports021) August 5, 2026
नदीम ने आगे कहा, “मैंने बहुत सारे कम्पटीशन खेले हैं और अक्सर मैं खुद ही फाउल (कम दूरी पर) करता था. उस वक्त रन-अप अच्छा नहीं आ रहा था. मौसम के कारण शरीर अकड़ गया था. नहीं तो फिटनेस अच्छी थी, सब कुछ अच्छा था. जो ईश्वर को मंजूर हो.”
अब एशियन गेम्स में आमना-सामना
अब ग्लासगो की नाकामी के लिए तो अरशद नदीम ने मौसम को दोष दे दिया. मगर कुछ ही हफ्तों में उनका एक बार फिर नीरज चोपड़ा और रुमेश थरंगा समेत कुछ अन्य जैवलिन थ्रोअर से आमना-सामना होगा. इस बार मुकाबला जापान में होगा, जहां एशियन गेम्स 2026 का आयोजन होना है. पिछले लगातार 2 एशियन गेम्स में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीता है. इसमें 2018 के गेम्स में तो अरशद नदीम भी पोडियम में थे लेकिन 2023 में वो चोट के कारण दूर रहे थे.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More