sports

फाइनल में धोनी को पहली बॉल पर किया आउट, CSK ने उसे ही बनाया कोच, जहीर खान बने वजह

September 29, 2026

फाइनल में धोनी को पहली बॉल पर किया आउट, CSK ने उसे ही बनाया कोच, जहीर खान बने वजह

CSK में फिर हुई इस गेंदबाज की वापसीImage Credit source: Getty Images

आईपीएल 2027 सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स में कई बड़े बदलाव हो रहे हैं. लगातार 3 सीजन में प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रही चेन्नई अगले सीजन में हालात को बदलना चाहती है. यही कारण है कि ऑक्शन में खिलाड़ियों को बदलने से पहले कोचिंग स्टाफ में ही बदलाव हो रहा है. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को हेड कोच बनाने के बाद अब CSK को नया बॉलिंग कोच भी मिल गया है. फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय पेसर मोहित शर्मा को ये जिम्मेदारी दी है.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट टीम और IPL में चेन्नई के लिए खेल चुके मोहित शर्मा को IPL 2027 सीजन के लिए ये जिम्मेदारी दी जा रही है. रिपोर्ट में CSK के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन के हवाले से बताया गया है कि फ्रेंचाइजी ने दाएं हाथ के पेसर को बॉलिंग कोच की भूमिका के लिए चुना है. उन्होंने बताया कि टीम के नए हेड कोच जहीर खान ने ही मोहित के नाम की सिफारिश की थी, जिसे मान लिया गया.

CSK से डेब्यू, धोनी को किया आउट

चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मोहित शर्मा का ये पहला सफर नहीं होगा. इससे पहले मोहित बतौर गेंदबाज 4 सीजन तक CSK का हिस्सा रहे थे. उन्होंने 2013 में CSK की ओर से ही डेब्यू किया था और 2015 तक टीम के साथ रहे थे. फिर 2019 में वो दोबारा टीम में लौटे थे. उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 48 मैच में 58 विकेट भी हासिल किए. हालांकि वो खिताब जीतने वाली चेन्नई टीम का हिस्सा नहीं बन सके.

सिर्फ यही नहीं, बल्कि 2023 में CSK के पिछले IPL टाइटल के दौरान मोहित ही रास्ते की रुकावट साबित हो रहे थे. तब गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे मोहित ने फाइनल के 18वें ओवर में एमएस धोनी को पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना लौटा दिया था. साथ ही आखिरी ओवर में 5वीं गेंद तक उन्होंने गुजरात को आगे रखा हुआ था. मगर आखिरी गेंद पर जडेजा ने चौका मारकर टीम को चैंपियन बना दिया था.

कैसा रहा मोहित का करियर?

हरियाणा के फरीदाबाद से आने वाले दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने धोनी की कप्तानी में ही IPL और फिर टीम इंडिया में भी डेब्यू किया था. उन्होंने 26 वनडे मैच खेले, जिसमें वो 2015 के वर्ल्ड कप का हिस्सा भी रहे थे. उन्होंने इस फॉर्मेट में कुल 31 विकेट झटके. वहीं 8 टी20 इंटरनेशनल में 6 विकेट उन्हें मिले. IPL के 120 मैच में मोहित ने 134 विकेट लिए. दिसंबर 2025 में उन्होंने संन्यास का ऐलान कर दिया था.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button