world-news

जिम में दौड़ते-दौड़ते प्रिंसिपल की मौत: ट्रेडमिल से लड़खड़ाकर गिरे, CPR भी दिया; बेटी के साथ एक्सरसाइज करने गए थे - Sardarshahr News

October 14, 2026

चूरू जिले के सरदारशहर में जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ रहे प्रिंसिपल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। प्रिंसिपल ट्रेडमिल से अचानक गिरकर बेहोश हो गए थे। घटना मंगलवार शाम 7 बजे की है। बुधवार को इसका सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।

.

राजस्थान शिक्षक संघ के महामंत्री विजय पोटलिया ने बताया- बीरबल मेव (45) आसपालसर (सरदारशहर) के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल थे। वे मंगलवार शाम 6 बजे छोटी बेटी कविता के साथ जिम गए थे।

वे करीब 7 बजे ट्रेडमिल पर रनिंग कर रहे थे, तभी अचानक गिर गए। जिम संचालक तुरंत दौड़कर उनके पास आए। संचालक ने उनको करीब 2 मिनट तक कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) दिया।

कुछ सुधार नहीं होने पर उनको पास के प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही है।

पहले देखिए, ये 2 PHOTOS…

प्रिंसिपल ट्रेडमिल पर रनिंग करने के दौरान अचानक गिरकर बेहोश हो गए।

प्रिंसिपल ट्रेडमिल पर रनिंग करने के दौरान अचानक गिरकर बेहोश हो गए।

जिम संचालक और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला और सीपीआर दिया।

जिम संचालक और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला और सीपीआर दिया।

सरदारशहर उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर चंद्रभान जांगिड़ ने बताया- मंगलवार शाम बीरबल के शव को निजी अस्पताल से मॉर्च्युरी में रखने के लिए भेजा गया था।

सुबह परिजनों के आने पर पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा।

20 साल से टीचिंग प्रोफेशन में थे

बीरबल मेव की पहली पोस्टिंग साल 2006 में चूरू के सुजानगढ़ की बीदासर तहसील के सांडवा गांव में लेक्चरर के रूप में हुई थी।

वे साल 2018 में प्रमोशन के बाद प्रिंसिपल बने थे। वर्तमान में वे सरदारशहर से 15 किलोमीटर दूर आसपालसर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे।

बीरबल सरदारशहर से करीब 40 किलोमीटर दूर निमरासर के रहने वाले थे। वे पत्नी और दो बेटियों के साथ सरदारशहर में रहते थे।

बीरबल की बड़ी बेटी ऋतिका नवोदय विद्यालय में दसवीं में पढ़ती है। छोटी बेटी कविता पांचवीं की स्टूडेंट है।

जिम संचालक बोले- अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े

जिम संचालक कैलाश पूनिया ने बताया- बीरबल पिछले दो साल से मेरे संपर्क में थे। वे जिम में एक महीने से बेटी के साथ वर्कआउट करने आ रहे थे। मंगलवार को वे ट्रेडमिल पर रनिंग कर रहे थे। तभी अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े। मैं पास में केबिन में था। शोर-शराबा सुनकर उनके पास आया और करीब दो मिनट सीपीआर दी। निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर बोले- समय-समय पर हेल्थ चेकअप जरूरी

प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर अब्दुल गफ्फार ने बताया- समय-समय पर हेल्थ चेकअप करवाना जरूरी है। अचानक तेज दौड़ना या बहुत ज्यादा मेहनत वाला वर्कआउट करना नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए वर्कआउट धीरे-धीरे शुरू करना चाहिए और अपनी क्षमता के अनुसार उसकी गति बढ़ानी चाहिए।

..

यह खबर भी पढ़ें…

जोधपुर- 2KM दौड़ के बाद ASI को आया हार्टअटैक, मौत:CPR से पल्स लौटी, फिर चली गई; प्रमोशन के लिए फिजिकल टेस्ट दे रहे थे

जोधपुर में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे एसआई पद पर प्रमोशन के लिए फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट के लिए मंडोर में राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (RPTC) पहुंचे थे। (पूरी खबर पढ़ें)