August 14, 2026

मोगा (दलीप कुमार): भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की ओर से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ 6 से 15 अगस्त तक निकाली जा रही पदयात्रा के तहत ब्लॉक मोगा-2 द्वारा गांव खोसा पांडो और महेशरी में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान आयोजित बैठकों में पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए महंगाई, बेरोजगारी, मजदूरों-किसानों की समस्याओं सहित विभिन्न जनमुद्दों पर चर्चा की।
बैठकों को सीपीआई के जिला सचिव कॉमरेड कुलदीप सिंह भोला, ब्लॉक सचिव कॉमरेड शेर सिंह दौलतपुरा और ब्लॉक सहायक सचिव कॉमरेड जगसीर सिंह खोसा ने संबोधित किया।कॉमरेड कुलदीप सिंह भोला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता की परेशानियां बढ़ी हैं। महंगाई से रोजमर्रा की जरूरतों का सामान महंगा हो रहा है, जबकि युवाओं को स्थायी रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार को कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने की बजाय मजदूरों, किसानों और आम लोगों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।उन्होंने सरकारी संस्थानों को मजबूत करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की।
ब्लॉक सचिव कॉमरेड शेर सिंह दौलतपुरा ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जानना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने मजदूरों और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए जनसंघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।
कॉमरेड जगसीर सिंह खोसा ने कहा कि देश की वास्तविक तरक्की तभी संभव है, जब आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो। उन्होंने मजदूरों को पर्याप्त रोजगार, मेहनत का उचित मूल्य और समय पर मजदूरी देने की मांग उठाई। साथ ही मनरेगा मजदूरों के काम के दिन बढ़ाने और समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने लोगों से 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जनमुद्दों को लेकर जागरूकता अभियान और पदयात्रा लगातार जारी रहेगी। उन्होंने मजदूरों, किसानों, युवाओं और आम लोगों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पार्टी के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
📍 Location: मोगा