Sep 04, 2026 08:41 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Ugreen MagFlow Pro Power Bank: Ugreen ने अपने नए चार्जिंग डिवाइस MagFlow Pro पावरबैंक को लॉन्च किया है। यह दुनिया का पहला ऐसा पावरबैंक है, जो खुद को ठंडा रखने के लिए लिक्विड-कूलिंग सिस्टम के साथ आता है। कितना है इसकी कीमत और इसमें क्या-क्या खास है, चलिए डिटेल में बताते हैं…

इस पावरबैंक में एक ट्रांसपेरेंट हिस्सा भी है, जिससे आप कूलेंट को घूमते हुए देख सकते हैं।
Ugreen MagFlow Pro Power Bank: अक्सर सफर पर रहते हैं और चलते-फिरते अपने गैजेट्स हमेशा फुल चार्ज रखने के लिए पावरबैंक तलाश रहे हैं, तो Ugreen का नया चार्जिंग डिवाइस आपके लिए परफेक्ट हो सकता है। कंपनी ने MagFlow Pro नाम का एक नया पावरबैंक लॉन्च किया है और ऐसा लग रहा है कि इसके जरिए ब्रांड वायरलेस पावरबैंक की एक बड़ी समस्या को हल करने की कोशिश कर रहा है और वो है इनके जल्दी गर्म हो जाने की दिक्कत। कंपनी ने वैश्विक बाजारों में MagFlow Pro बेचना शुरू कर दिया है और कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का पहला ऐसा पोर्टेबल पावरबैंक है जिसमें इन-बिल्ट लिक्विड-कूल्ड माइक्रो-पंप सिस्टम है।
सम्बंधित सुझाव
गर्मी को सोख लेता है पावरबैंक का मटेरियल
MagFlow Pro पावरबैंक 10,000mAh कैपेसिटी के साथ आता है और इसका डिजाइन 2C है। इसकी कीमत $149.99 (यानी करीब 14,200 रुपये) है। इसकी सबसे बड़ी खासियत है 'फेज-चेंज थर्मल स्टोरेज मटेरियल' और 'लिक्विड-कूल्ड माइक्रो-पंप' का कॉम्बिनेशन। जब पावरबैंक काम कर रहा होता है, तो फेज-चेंज मटेरियल गर्मी को सोख लेता है, जिससे पावरबैंक और आपके फोन के गर्म होने की रफ्तार धीमी हो जाती है। जब तापमान बढ़ने लगता है, तो अंदर लगा माइक्रो-पंप चालू हो जाता है और सबसे ज्यादा गर्म हिस्सों से गर्मी हटाने के लिए कूलेंट को घुमाता है।
इसमें वायर्ड और वायरलेस, दोनों चार्जिंग ऑप्शन
चार्जिंग की बात करें तो, यह Qi2 मैग्नेटिक टेक्नोलॉजी के जरिए 25W तक की वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इसमें 45W रेटिंग वाली एक बिल्ट-इन USB-C केबल भी है, साथ ही इसमें एक एक्स्ट्रा USB-C पोर्ट भी है जो 45W की चार्जिंग दे सकता है। यह PD 3.0, QC 4.0 और PPS जैसे आम प्रोटोकॉल के साथ काम करता है, इसलिए वायर्ड चार्जिंग के लिए यह कई तरह के डिवाइस को सपोर्ट करेगा। आप चलते-फिरते आसानी से इस पावरबैंक के जरिए फोन, स्मार्टवॉच, ईयरबड्स समेत अन्य डिवाइस चार्ज कर सकते हैं।
एक साथ तीन डिवाइस चार्ज करेगा
कंपनी ने बताया कि यह पावरबैंक एक साथ तीन डिवाइस (एक वायरलेस तरीके से और दो यूएसबी-सी पोर्ट के जरिए) चार्ज कर सकता है। कंपनी का कहना है कि यह आईफोन 17 एयर को 2.03 बार चार्ज कर सकता है, जबकि आईफोन 17 प्रो मैक्स को 1.36 बार चार्ज कर सकता है।
इसमें कूलेंट घूमता हुआ दिखता है
एक्टिव कूलिंग का मकसद तापमान को आम पावरबैंक के मुकाबले कम रखना है, ताकि लंबे समय तक चार्जिंग के दौरान चार्जिंग की स्पीड एक जैसी बनी रहे। एक और खास बात यह है कि इस पावरबैंक में एक ट्रांसपेरेंट हिस्सा भी है, जिससे आप कूलेंट को घूमते हुए देख सकते हैं।
सम्बंधित सुझाव
मैग्नेटिक वायरलेस चार्जिंग, डुअल वायर्ड ऑप्शन और ज्यादा बेहतर हीट मैनेजमेंट सिस्टम के साथ, MagFlow Pro साफ तौर पर उन लोगों के लिए है जो चलते-फिरते वायरलेस चार्जिंग का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं और ऐसी चीज चाहते हैं जो आसानी से ज्यादा गर्म न हो। यह अब Ugreen के ऑफिशियल चैनल्स और चुनिंदा रिटेलर्स के पास खरीदने के लिए उपलब्ध है।