
तेजस्वी, मीसा और सीएम सम्राट चौधरी
बिहार के साइबर सेल ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सांसद मिसा भारती,आलोक चिक्कू और पत्रकार अभिनव के सोशल मीडिया पोस्ट को X से हटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नोटिस जारी किया है. इन चारों ने इसी प्लेटफार्म से पोस्ट किया है जिसे साइबर सेल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ आपत्तिजनक मान रहा है.
साइबर सेल पुलिस ने इनसे 72 घंटे के अंदर जवाब मांगा है. साइबर सेल ने ने अपने नोटिस में कहा है कि यह पोस्ट जातीय विद्वेष फैलाने और जनभावना भड़काने वाले हैं. IT act की धारा 79 और BNSS की धारा 94 और 2021 के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. दरअसल, यह पूरा मामला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जमुई की पीड़ित नाबालिग लड़की से जुड़ा है.
मीसा CM के खिलाफ FIR दर्ज कराने पहुंचीं थीं थाने
गौरतलब है कि जमुई कि पीड़ित नाबालिग लड़की जब मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं थीं तो मुख्यमंत्री के साथ उसकी तस्वीर जारी की गई थी. जिसे बाद में हटा लिया गया. उसी के बाद मीसा भारती सचिवालय थाने में मुख्यमंत्री के खिलाफ FIR दर्ज कराने पहुंच गई थी. लेकिन थानाध्यक्ष ने मीसा भारती की शिकायत पर केस दर्ज नहीं किया.
CMO के स्टेनोग्राफर पर दर्ज हुई थी FIR
वहीं, ASI के बयान पर CMO में कार्यरत स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज की गई. अब इसी मामले मीसा भारती, तेजस्वी यादव, आलोक चिक्कू और पत्रकार अभिनव ने सोशल मीडिया एक्स पर कुछ ट्वीट किए थे. इन्हीं पोस्ट को हटाने के लिए साइबर सेल ने X को नोटिस जारी किया है.
तेजस्वी ने X पर क्या लिखा था?
सीएम की पड़ित परिवार के साथ तस्वीर सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को घेरा था. उन्होंने X पर लिखा, ‘नासमझ, अनाड़ी, कानून विरोधी बिहार के मुख्यमंत्री ख़ुद पॉक्सो एक्ट की धज्जियां उड़ा रहे है. जमुई कांड की नाबालिग पीड़ित की परिजनों संग अपने सोशल मीडिया हैंडल से तस्वीर जारी कर पीड़ित की पहचान उजागर कर रहे है. POCSO एक्ट के तहत नाबालिग पीड़ित की पहचान गोपनीय रखना अनिवार्य है. पीड़ित के परिजनों के साथ तस्वीर साझा किए जाने से उसकी पहचान सार्वजनिक होने का खतरा पैदा हुआ.’

रूपेश कुमार
लेखक TV9 भारतवर्ष में बिहार और झारखंड के ब्यूरो हेड हैं. इसके पहले वर्षों तक न्यूज़18 में काम किया है. लगभग तीन दशक से टीवी पत्रकारिता में फील्ड, डेस्क और वर्षों तक एंकरिंग भी करते रहे हैं.
Read More