world-news

दतिया संकट के बीच मां पीताम्बरा की शरण में पहुंचे डिप्टी CM जगदीश देवड़ा, बोले- हम जीतेंगे चुनाव

July 11, 2026

दतिया संकट के बीच मां पीताम्बरा की शरण में पहुंचे डिप्टी CM जगदीश देवड़ा, बोले- हम जीतेंगे चुनाव

मां पीताम्बरा के दर्शन करने पहुंचे डिप्टी CM देवड़ाImage Credit source: Facebook/MP Deputy CMO

मध्यप्रदेश के दतिया में 28 जुलाई को होने वाले विधानसभा उपचुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी को विपक्ष से ज्यादा चुनौती अपनी ही पार्टी के अंदर से मिल रही है. पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर पार्टी में बगावत के सुर उठने लगे, इस बीच मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी दतिया पहुंचे और सबसे पहले मां पीताम्बरा के दर्शन करने पहुंचे. इस दौरान TV9 भारतवर्ष से खास बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पीताम्बरा मां से सबके सुख की कामना की है, सब स्वस्थ रहें.

क्या दतिया का संकट दूर हो जाए, मां पीताम्बरा से ये भी आशीर्वाद मांगा?

इस सवाल का जवाब देते हुए जगदीश देवड़ा ने कहा कि ‘कोई संकट नहीं है. मुझे नहीं लगता कि कोई संकट है. ये बीजेपी का परिवार है, बहुत बड़ा परिवार है. सब लोग मिलकर काम करेंगे. हमारे बहुत वरिष्ठ नेता हैं नरोत्तम मिश्रा, उनके नेतृत्व में भी और उनके साथ में रहकर के सभी लोग काम करेंगे और दतिया का उपचुनाव सब लोग मिलकर लड़ेंगे. अगर कोई छोटी बड़ी बात हुई है तो परिवार में बैठकर इसका समाधान हो जाएगा’.

नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटा क्यों?

अब सवाल ये उठ रहा है कि आखिर डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटा क्यों? क्या उनकी पिछली परफॉर्मेंस से खुश नहीं थे? इस सवाल पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि कुल मिलाकर पार्टी का फैसला शिरोधार्य है. पूरे देश में जहां जहां भी इस प्रकार के चुनाव होते हैं, जो उम्मीदवार घोषित होते हैं, तो सब लोग सहज स्वीकार करते हैं. वहीं, उम्मीदवारी बदलने का कारण पूछे जाने पर जगदीश देवड़ा ने कहा कि कोई कारण नहीं है. पार्टी का फैसला है, संगठन सर्वोपरि है.

क्या अभी भी कोई चांस है कि नरोत्तम मिश्रा को दतिया उपचुनाव का टिकट मिल जाए? इसका जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे लगता है कि पार्टी ने जो फैसला लिया है, उस लाइन पर सब लोग काम करेंगे, मुझे लगता है कि पार्टी का फैसला सब के लिए शिरोधार्य है. आखिर इस मनमुटाव के बाद कांग्रेस के साथ-साथ इस चुनाव में चुनौतियां पार्टी के अंदर से भी मिलेंगी? इसपर जगदीश देवड़ा ने कहा कि पूरी ताकत से बीजेपी चुनाव लड़ेगी और चुनाव जीतेगी.

तो क्या नरोत्तम मिश्रा को पार्टी ने पूरी तरह मना लिया है?

इस सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभी सभी साथ में हैं. नरोत्तम मिश्रा जी का बयान भी अपने देखा होगा. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा है कि सभी साथ में रहकर काम करें. अगर कोई छोटे बड़े कारण रहते हैं तो पार्टी बैठकर फैसला करती है, समाधान हो जाएगा.

ये भी पढ़ें: राजस्थान में गजब हो गया! ट्रांसफर होना था पटवारी का, लिस्ट में आ गया विधायक का नाम

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button