Published: Monday, July 27, 2026, 18:58 [IST]
CJP Protest Update: NEET पेपर लीक को लेकर आंदोलन स्थगित करने के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सरकार को नई चेतावनी दी है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र के आश्वासन के बावजूद बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई जारी है। CJP का कहना है कि अगर गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं मिली और मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो वह एक बार फिर देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका ने सरकार पर समझौता तोड़ने का आरोप लगाया और इसे युवाओं के भरोसे के साथ विश्वासघात बताया।
सरकार पर वादा तोड़ने का आरोप
CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि आंदोलन स्थगित करने का फैसला सरकार के उस भरोसे के बाद लिया गया था, जिसमें प्रदर्शनकारियों पर किसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने की बात कही गई थी। लेकिन अब बिहार, पश्चिम बंगाल और असम से छात्रों की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। पार्टी का कहना है कि अगर यही स्थिति जारी रही तो सरकार ने अपने ही वादे से पीछे हटने का काम किया है, जिसका जवाब देशभर के युवा लोकतांत्रिक तरीके से देंगे।
ये भी पढे़ं: 'पुलिस ने CJP Protest में मेरी पत्नी को खूब लात मारी, पसलियां तोड़ीं', कॉमेडियन के 5 Min Video से मचा हंगामा
'गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं मिली तो फिर होगा आंदोलन'
दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास ने साफ कहा कि पार्टी फिलहाल सरकार को अपना रुख बदलने का मौका दे रही है। लेकिन यदि गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं मिली, मुकदमे वापस नहीं हुए और पुलिस कार्रवाई जारी रही तो CJP दोबारा सड़कों पर उतरकर देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई केवल छात्रों की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और युवाओं के सम्मान की भी है।
ये भी पढे़ं: CJP प्रोटेस्ट में खाना खिलाने के लिए जुनैद के पास कहां से आए करोड़ों रुपये? अब रोकर लगा रहा मदद की गुहार
पीड़ित छात्रों के लिए लॉन्च किया पोर्टल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि वह पार्टी से जुड़े कानूनी मामलों में सहयोग करेंगे। वहीं CJP ने एक नया ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च करने की घोषणा की, जहां कार्रवाई का सामना कर रहे छात्र अपनी शिकायत, केस से जुड़ी जानकारी और वीडियो अपलोड कर सकेंगे। पार्टी का दावा है कि इन मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। CJP ने कहा कि लाखों युवाओं के विश्वास के साथ समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन फिर तेज किया जाएगा।