world-news

रिटायर्ज जज साहब नहीं मिल रहे, नेपाल बाढ़ के बाद लापता; CJI तक पहुंची खबर

August 31, 2026

Aug 31, 2026 11:07 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

नेपाल की बाढ़ ने 700 से ज्यादा लोगों की जान ले ली। वहीं, ढाई हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। इनमें भारतीयों की संख्या करीब 275 बताई जा रही है। मद्रास उच्च न्यायालय के रिटायर्ड जज वी शिवज्ञानम भी लापता लोगों की सूची में शामिल हैं।

Nepal

रिटायर्ड जज वी शिवज्ञानम की खोज और सकुशल वापसी को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को पत्र लिखा है।

नेपाल की विनाशकारी बाढ़ में कई भारतीय भी लापता हैं। इनमें मद्रास हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस वी शिवज्ञानम भी शामिल हैं। उनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। खबर है कि इस संबंध में वकील संगठन सक्रिय हो गए हैं। साथ ही CJI यानी भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को भी सूचित किया गया है और मदद मांगी गई है। नेपाल में बचाव कार्य जारी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक लापता जज का पता नहीं चल सका था।

30 अगस्त को दिल्ली तमिल एडवोकेट्स एसोसिएशन ने सीजेआई को पत्र लिखा था। इसमें सरकारी अधिकारियों से जज को खोजने और सुरक्षित वापस लाने का अनुरोध किया था। बार एंड बेंच के अनुसार, जस्टिस शिवज्ञानम में 26 अगस्त को आखिरी बार पत्नी से बात की थी।

पत्र में क्या

सीजेआई को सौंपे गए पत्र में लिखा है, 'दूसरी बस में यात्रा कर रहे जिन लोगों को तिमुरे में APF नेपाल बॉर्डर आउटपोस्ट के पास बचाया गया, उन्होंने परिवार को बताया है कि जस्टिस शिवज्ञानम की बस उनकी बस से सिर्फ 100-200 मीटर की दूरी पर थी। इसलिए परिवार और हमारा एसोसिएशन उनकी सुरक्षा और वे कहां हैं, इसे लेकर बहुत चिंतित हैं।'

नेपाल में 903 मरे

नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 903 हो गई। शवों के मिलने का सिलसिला जारी रहने के बीच, अधिकारियों ने भोटेकोशी नदी में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी जारी की और बाढ़ प्रभावित जिलों में रहने वाले लोगों तथा बचावकर्मियों से अलर्ट रहने की अपील की।

NDRRMA ने बताया कि इस त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर 788 हो गई है, जबकि करीब 9500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इस आपदा में चीन की ओर भी 16 लोगों की मौत हुई और करीब 550 लोग लापता हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस आपदा के बाद नेपाल में 591 विदेशियों समेत कुल 2,502 लोग अब भी लापता हैं। ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि 4248 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

कितने भारतीय नेपाल में लापता

नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि बाढ़ के बाद 275 से अधिक भारतीय और भारतीय मूल के 128 लोग अब भी लापता हैं या उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। जबकि 108 अन्य लोगों को बचा लिया गया है। रविवार को विदेश मंत्रालय ने अपने एक्स हैंडल पर बचाए गए 149 लोगों की सूची साझा की।

फिर नेपाल में खतरा

एनडीआरआरएमए ने रविवार को एक बयान में बताया कि नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है। बयान में कहा गया, 'बाढ़ प्रभावित भोटेकोशी नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है। सभी संबंधित लोगों से एहतियाती कदम उठाने का आग्रह किया जाता है।' अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 9,500 लोगों को बचाया गया है। इनमें स्थानीय लोगों के अलावा भारत, अमेरिका, चीन, रूस, ब्रिटेन, स्पेन, बेल्जियम, जर्मनी, इटली, माल्टा, तुर्किये, स्विट्जरलैंड और पुर्तगाल समेत कई देशों के पर्यटक भी शामिल हैं।