Charging Network: हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने के लिए अपने myHyundai ऐप को बड़ा अपडेट दिया है। इससे EV चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच मिलेगी।
30 हजार चार्जिंग पॉइंट्स का एक्सेस
- Published: 20 Jul 2026, 07:43 PM IST
- Last Updated: 20 Jul 2026, 07:43 PM IST
Charging Network: देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) ग्राहकों के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने घोषणा की है कि अब उसके myHyundai ऐप के जरिए देशभर में 30 हजार से अधिक EV चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच उपलब्ध होगी। इससे इलेक्ट्रिक कार मालिकों को चार्जिंग स्टेशन खोजने और लंबी दूरी की यात्रा करने में काफी सुविधा मिलेगी।
पूरे भारत में आसान होगी EV यात्रा
Hyundai का दावा है कि myHyundai ऐप के जरिए EV उपयोगकर्ता कश्मीर से कन्याकुमारी तक बिना चार्जिंग की चिंता के सफर कर सकेंगे। कंपनी ने कई प्रमुख चार्ज पॉइंट ऑपरेटर्स (CPOs) के साथ साझेदारी की है, जिसके कारण अधिकांश उपयोगकर्ताओं को औसतन 25 किलोमीटर के दायरे में चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हो जाएंगे।
यह सुविधा दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर, मुंबई-पुणे-बेंगलुरु, मुंबई-रत्नागिरी-गोवा, चेन्नई-वेल्लोर-बेंगलुरु और हैदराबाद-कुरनूल-बेंगलुरु जैसे प्रमुख हाईवे कॉरिडोर पर भी उपलब्ध होगी।
अपने चार्जिंग नेटवर्क का भी कर रही विस्तार
बाहरी चार्जिंग नेटवर्क को ऐप से जोड़ने के साथ-साथ Hyundai अपने खुद के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का भी तेजी से विस्तार कर रही है। वर्तमान में कंपनी के 105 शहरों में 183 DC फास्ट चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहे हैं।
Hyundai का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इस नेटवर्क को बढ़ाकर 600 DC फास्ट चार्जिंग स्टेशनों तक पहुंचाना है। ये स्टेशन प्रमुख शहरों, राष्ट्रीय राजमार्गों और कंपनी की डीलरशिप पर स्थापित किए जाएंगे। कंपनी फिलहाल 60 kW से लेकर 240 kW तक की DC फास्ट चार्जिंग सुविधा उपलब्ध करा रही है।
सभी EV ब्रांड्स के लिए खुला रहेगा नेटवर्क
Hyundai ने स्पष्ट किया है कि उसके स्वामित्व वाले सभी DC फास्ट चार्जिंग स्टेशन केवल Hyundai ग्राहकों तक सीमित नहीं होंगे। किसी भी ब्रांड की इलेक्ट्रिक कार के मालिक इन स्टेशनों का उपयोग कर सकेंगे।
ऐप में मिलेंगी कई स्मार्ट सुविधाएं
myHyundai ऐप सिर्फ चार्जिंग स्टेशन खोजने तक सीमित नहीं है। इसमें यूजर्स को नेविगेशन, चार्जिंग स्लॉट की एडवांस बुकिंग और डिजिटल पेमेंट जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। इसके अलावा, कंपनी ने अपने चार्जिंग स्टेशन ऐसे स्थानों पर स्थापित किए हैं, जहां आसपास रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट मौजूद हों, ताकि वाहन चार्ज होने के दौरान ग्राहक आराम से समय बिता सकें।
कंपनी ने क्या कहा?
HMIL के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) तरुण गर्ग ने कहा कि myHyundai ऐप पर 30,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स को एकीकृत कर कंपनी भारत के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड EV चार्जिंग नेटवर्क में से एक तक पहुंच उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी अपने स्वामित्व वाले DC फास्ट चार्जिंग नेटवर्क को मौजूदा 183 स्टेशनों से बढ़ाकर 2030 तक 600 स्टेशनों तक ले जाएगी, जिससे देश का चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत होगा।
उपलब्धियां भी रहीं खास
जनवरी 2023 से जून 2026 के बीच 3 लाख से अधिक EV उपयोगकर्ताओं ने myHyundai ऐप के जरिए Hyundai के चार्जिंग नेटवर्क का इस्तेमाल किया। इस दौरान कंपनी के नेटवर्क से 50 लाख kWh से अधिक ऊर्जा की आपूर्ति की गई, जिससे लगभग 35 लाख किलोग्राम (3.5 मिलियन किलोग्राम) CO₂ उत्सर्जन कम करने में मदद मिली।
जल्द आएगी नई इलेक्ट्रिक SUV
Hyundai इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर लगातार फोकस बढ़ा रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि वह चालू वित्त वर्ष के दौरान मास-मार्केट EV सेगमेंट में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही Hyundai भारतीय EV बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहती है
(मंजू कुमारी)