शाहनवाज खान | हरदोई32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हरदोई के श्री वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार दोपहर 12 बजे करियर मार्गदर्शन और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नेहा ब्याडवाल ने छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अलग-अलग करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करने के साथ लगातार और योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करना जरूरी है।
10वीं-12वीं से लक्ष्य तय करने की सलाह
CDO नेहा ब्याडवाल ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें 10वीं और 12वीं कक्षा से ही अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का लक्ष्य तय कर लेना चाहिए। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य के अनुरूप तैयारी की योजना बनाने और उपलब्ध अवसरों की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।

छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अलग-अलग करियर विकल्पों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताए अलग-अलग करियर विकल्प
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी छात्राओं के साथ संवाद किया। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रदीप पाल ने तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा कोर्स और उनसे जुड़े रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद पाठक ने शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध विकल्पों के बारे में बताया। उन्होंने एलएलबी करने के बाद न्यायिक सेवाओं में जाने की संभावनाओं की भी जानकारी दी।
छात्राओं ने पूछे नीट, पॉलीटेक्निक और कानून से जुड़े सवाल
कक्षा 12 की छात्राओं सना खान, शालू दीक्षित, जाली शर्मा, मधु पाल और आकृति मिश्रा ने अधिकारियों से पॉलीटेक्निक, नीट, चिकित्सा और विधि पाठ्यक्रमों को लेकर सवाल पूछे। अधिकारियों ने छात्राओं के सवालों के जवाब देते हुए संबंधित क्षेत्रों में प्रवेश, पढ़ाई और करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।

छात्राओं को अलग-अलग करियर विकल्पों की सही जानकारी।
नियमित करियर काउंसलिंग कराने के निर्देश
कार्यक्रम के अंत में CDO ने स्कूलों में नियमित करियर काउंसलिंग सेशन आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट और अन्य क्षेत्र के विशेषज्ञों को भी इन सत्रों से जोड़ा जाए, ताकि छात्राओं को अलग-अलग करियर विकल्पों की सही जानकारी समय पर मिल सके और वे अपनी रुचि के अनुसार भविष्य की दिशा तय कर सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता शुक्ला, प्रबंधक मनोज अग्रवाल समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
.