Published: Wednesday, October 21, 2026, 14:00 [IST]
CBSE Board की 10वीं और 12वीं परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए जरूरी खबर है। साल 2027 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और छात्रों को अब डेटशीट जारी होने का इंतजार है। इस बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों को एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि छात्रों की जानकारी दर्ज करते समय किसी तरह की गलती नहीं होनी चाहिए।
छोटी सी लापरवाही भी आगे परेशानी का कारण बन सकती है। इसके अलावा 10वीं के छात्रों के लिए परीक्षा से जुड़े कुछ खास नियम भी हैं, जिनका ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं कि डेटशीट कब तक आ सकती है, स्कूलों के लिए क्या निर्देश हैं और छात्रों को किन बातों का ध्यान रखना होगा।
कब जारी होगी CBSE डेटशीट?
सीबीएसई जल्द ही 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर सकता है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है। पिछले साल बोर्ड ने 24 सितंबर को संभावित डेटशीट और 30 अक्टूबर को अंतिम डेटशीट जारी की थी। परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुई थीं। ऐसे में इस बार भी जल्द कार्यक्रम जारी होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें:
डेटशीट में परीक्षा की तारीख, समय, विषयों के नाम और उनके कोड दिए जाएंगे। छात्र इसे आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in से पीडीएफ में डाउनलोड कर सकेंगे।
आज LOC जमा करने की आखिरी तारीख
सीबीएसई ने 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स यानी LOC जमा करने की आखिरी तारीख 21 अक्टूबर 2026 तय की है। सभी संबंधित स्कूलों को 10वीं और 12वीं के पात्र छात्रों की जानकारी इस तारीख तक जमा करनी है। बोर्ड ने सोमवार को जारी रिमाइंडर में बताया कि 21 अक्टूबर तक बिना लेट फीस के LOC जमा किया जा सकता है। स्कूलों को परीक्षा शुल्क भी समय पर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
LOC में इन गलतियों से बचें
सीबीएसई ने स्कूलों से कहा है कि छात्रों का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और चुने गए विषयों की जानकारी सही दर्ज करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि कोई पात्र छात्र सूची से छूट न जाए। बोर्ड ने डेटा भरने वाले कर्मचारियों को निर्धारित नियमों की जानकारी रखने के लिए भी कहा है। गलत जानकारी या विषय चुनने से छात्रों को आगे परीक्षा से जुड़ी परेशानी हो सकती है।
10वीं में दो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सिफारिशों के अनुसार, सीबीएसई ने 2026 से कक्षा 10वीं के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था शुरू की है। इसका उद्देश्य छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार का मौका देना है। हालांकि, दूसरी परीक्षा में शामिल होने के लिए बोर्ड की निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा।
साइंस के पेपर में रखें खास ध्यान
CBSE ने 10वीं के विज्ञान विषय में उत्तर लिखने के लिए सेक्शन के अनुसार नियम बताए हैं। छात्रों को निर्धारित हिस्से में ही संबंधित विषय के उत्तर लिखने होंगे।
- सेक्शन A: बायोलॉजी
- सेक्शन B: केमिस्ट्री
- सेक्शन C: फिजिक्स
पिछले साल जारी निर्देशों के अनुसार, सही उत्तर भी गलत सेक्शन में लिखने पर उसे 'Attempt Not Done' माना जा सकता है। दरअसल, एक ही उत्तर पुस्तिका के अलग-अलग सेक्शन की जांच अलग-अलग परीक्षक कर सकते हैं। इसलिए छात्रों को उत्तर लिखने से पहले सवाल का सेक्शन जरूर देखना चाहिए।
स्कूलों के लिए हुआ था वेबिनार
सीबीएसई ने 29 सितंबर को रजिस्ट्रेशन और LOC जमा करने की प्रक्रिया को लेकर लाइव सवाल-जवाब वेबिनार आयोजित किया था। इसमें स्कूलों को छात्रों की जानकारी सही दर्ज करने और पूरी प्रक्रिया को आसान तथा पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए।
बोर्ड ने स्कूलों से कहा कि वे छात्रों और अभिभावकों को समय पर जानकारी दें और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी समस्याएं पहले ही दूर करें, ताकि बच्चों की परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो।
ये भी पढ़ें: