world-news

BRICS Summit 2026 Menu: कौन हैं अमित बिस्वास-अस्तिक ओबेरॉय, जो बना रहे BRICS लीडर्स के लिए खास खाना?

September 11, 2026

Time Updated: Friday, September 11, 2026, 17:27 [IST]

BRICS Summit 2026 Menu: भारत में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में दुनिया के प्रमुख उभरते देशों के नेता जुटेंगे। सम्मेलन में कूटनीति, वैश्विक अर्थव्यवस्था और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन इन सबके बीच विदेशी मेहमानों के लिए तैयार किया जा रहा खास भारतीय मेन्यू भी चर्चा में है।

दिल्ली के प्रमुख लग्जरी होटलों ने BRICS नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों के लिए ऐसे व्यंजन तैयार किए हैं, जिनमें भारतीय खान-पान की विविधता, स्थानीय उत्पाद और पारंपरिक अनाज नजर आएंगे। खास तौर पर बाजरा, ज्वार, जौ, मखाना और सत्तू जैसे मिलेट्स को मेन्यू में प्रमुख जगह दी गई है। इस खास मेन्यू को तैयार करने वाले शेफ में द ललित के अमित बिस्वास और द लीला पैलेस के अस्तिक ओबेरॉय भी शामिल हैं। आखिर कौन हैं ये दोनों शेफ और BRICS मेहमानों के लिए क्या खास तैयार कर रहे हैं? आइए समझते हैं...

brics-summit-2026-menu

पहले जानिए- BRICS नेताओं के लिए खाने में क्या खास?

दिल्ली के द ललित, द लीला पैलेस और ताज महल होटल ने विदेशी मेहमानों के लिए अलग-अलग थीम पर मेन्यू तैयार किया है। द ललित में भारतीय क्षेत्रीय व्यंजनों के साथ मिलेट्स पर खास जोर है। यहां ज्वार की खिचड़ी, दक्षिण भारतीय डोसा और अप्पम से लेकर अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक स्वादों को आधुनिक अंदाज में पेश करने की तैयारी है। मेन्यू में भारतीय व्यंजनों के साथ कुछ इंटरनेशनल फ्लेवर का फ्यूजन भी देखने को मिलेगा। द लीला पैलेस ने भारतीय संस्कृति को खाने के साथ जोड़ने की कोशिश की है। यहां गुलाब, केसर और इलायची से तैयार खाने योग्य कमल खास आकर्षण है। इसके अलावा बाजरा, ज्वार, जौ और सत्तू जैसी पारंपरिक सामग्री से तैयार हेल्दी विकल्प भी मेहमानों को दिए जाएंगे।

ताज महल होटल ने 'Tradition to Table' थीम के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक स्नैक्स को जगह दी है। इसमें महाराष्ट्र की भाकरवाड़ी, राजस्थान की मिनी कचौरी, बंगाल की कुचो निमकी और तमिलनाडु का मुरुक्कू जैसे व्यंजन शामिल हैं।

Who Is Amit Biswas: कौन हैं अमित बिस्वास?

brics-summit-2026-menu

अमित बिस्वास द ललित, नई दिल्ली में एग्जीक्यूटिव सू शेफ हैं। होटल इंडस्ट्री में उन्हें करीब डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। उनका करियर हयात रीजेंसी से शुरू हुआ था। 2010 में उन्होंने वहां 'द कैफे' में Commis II के तौर पर काम शुरू किया। इसके बाद उन्हें प्रमोशन मिलते गए और उन्होंने Demi Chef de Partie और आगे Chef की जिम्मेदारियां संभालीं। अपने करियर के दौरान वह हयात रीजेंसी के इटैलियन फाइन-डाइनिंग रेस्टोरेंट La Piazza में भी काम कर चुके हैं।

इसके बाद उन्होंने ITC Sheraton Saket में Continental Chef de Partie के तौर पर काम किया। यहां उन्होंने A La Carte Continental सेक्शन के साथ Banquet Operations भी संभाले। 2017 से उन्होंने द ललित सूरी हॉस्पिटैलिटी ग्रुप में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में वह Sous Chef बने और बैंक्वेट ऑपरेशन की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके बाद वह Hyatt Regency में Chef de Cuisine के पद पर रहे और अप्रैल 2026 से द ललित में Executive Sous Chef की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

BRICS मेन्यू में अमित बिस्वास का फोकस क्या है?

अमित बिस्वास के मुताबिक, BRICS मेहमानों के लिए तैयार मेन्यू में मिलेट्स, स्थानीय उत्पाद और संतुलित स्वाद को प्रमुखता दी गई है। विदेशी मेहमानों के लिए खाना तैयार करते समय सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि अलग-अलग देशों की पसंद और खान-पान की आदतों का भी ध्यान रखा जा रहा है। यही वजह है कि मेन्यू में भारतीय मसालों और क्षेत्रीय सामग्री के साथ ऐसे व्यंजन भी शामिल किए गए हैं, जिनका स्वाद अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के लिए सहज हो।

Who Is Astik Oberoi: कौन हैं अस्तिक ओबेरॉय?

brics-summit-2026-menu

अस्तिक ओबेरॉय द लीला पैलेस, नई दिल्ली में Executive Sous Chef हैं। हालांकि, उनका करियर सिर्फ भारतीय व्यंजनों तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने पेस्ट्री और बेकरी के क्षेत्र में भी लंबा अनुभव हासिल किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत The Leela में Industrial Trainee के तौर पर की थी। इसके बाद वह Taj Hotels से जुड़े और Management Trainee के रूप में काम किया।

Taj Hotels में उन्होंने बेकरी और पेस्ट्री से जुड़े प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया। बाद में वह Junior Sous Chef बने। 2018 से 2022 के बीच उन्होंने Academy of Pastry & Culinary Arts में Pastry Chef के तौर पर काम किया। अप्रैल 2022 से वह द लीला पैलेस से जुड़े हैं। यहां उन्होंने Pastry Chef के साथ-साथ अब Executive Sous Chef की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

अस्तिक के BRICS मेन्यू में क्या खास?

अस्तिक ओबेरॉय की टीम ने BRICS मेहमानों के लिए भारतीय सामग्री को आधुनिक प्रस्तुति के साथ पेश करने की तैयारी की है। कमल की थीम इसका सबसे दिलचस्प हिस्सा है। गुलाब, केसर और इलायची से तैयार खाने योग्य कमल को भारतीय फलों के साथ पेश किया जाएगा। इसके अलावा बाजरा से तैयार कुकीज, ग्रैनोला बार और हेल्थ ड्रिंक्स जैसे विकल्प भी मेहमानों के लिए रखे गए हैं।

BRICS में 'मिलेट डिप्लोमेसी' क्यों खास?

भारत पिछले कुछ सालों में दुनिया के सामने मिलेट्स यानी मोटे अनाज को बढ़ावा देता रहा है। बाजरा, ज्वार और रागी जैसे अनाज पोषण और टिकाऊ कृषि से जुड़े हैं। BRICS जैसे वैश्विक मंच पर इन्हें मेन्यू का हिस्सा बनाना सिर्फ खाने की पसंद का मामला नहीं है, बल्कि भारत की स्थानीय खाद्य परंपरा और टिकाऊ जीवनशैली को दुनिया के सामने रखने का तरीका भी है। इसलिए BRICS मेन्यू में मिलेट्स को जगह मिलना खास महत्व रखता है।

भारतीय स्वाद दिखाने के लिए अलग-अलग राज्यों का खाना

BRICS मेहमानों के लिए तैयार मेन्यू में भारत के अलग-अलग हिस्सों की झलक दिखाई देगी।

brics-summit-2026-menu

यानी मेन्यू का मकसद सिर्फ विदेशी मेहमानों का पेट भरना नहीं, बल्कि 'एक प्लेट में भारत' दिखाना है।

भारतीय खाने में विदेशी फ्लेवर का तड़का भी

मेन्यू पूरी तरह पारंपरिक नहीं है। शेफ भारतीय सामग्री और अंतरराष्ट्रीय तकनीकों का इस्तेमाल भी कर रहे हैं। द ललित की तैयारी में मिसो पेस्ट के साथ ब्रेज्ड बैंगन, धीमी आंच पर पकी चाइनीज कैबेज और जापानी शैली की स्वीट रेड बीन जैसे फ्यूजन व्यंजन भी शामिल हैं। इसका मकसद भारतीय स्वाद को अंतरराष्ट्रीय पाक शैली के साथ जोड़ना है।

BRICS Summit 2026 कब और कहां होगा?

भारत 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS Leaders' Summit की मेजबानी कर रहा है। भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में वैश्विक शासन, बहुपक्षवाद, व्यापार, निवेश, तकनीक, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा और आपदा-लचीलेपन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। 12 सितंबर को नेताओं के आगमन के बाद वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने पर बंद सत्र होगा। इसके बाद भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी, फैमिली फोटो और अन्य कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज भी कार्यक्रम का हिस्सा है। 13 सितंबर को BRICS पार्टनर देशों के नेताओं और आमंत्रित अतिथियों की भागीदारी के साथ चर्चा आगे बढ़ेगी।

BRICS Summit में कौन-कौन से बड़े नेता पहुंच रहे हैं?

इस बार सम्मेलन में BRICS के विस्तारित समूह के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। इनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के भी सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है।

वहीं, UAE की ओर से अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान प्रतिनिधित्व करेंगे। सऊदी अरब की पूर्ण सदस्यता को लेकर स्थिति अलग है और वह निचले स्तर के प्रतिनिधिमंडल के साथ भाग ले रहा है।

BRICS का असली एजेंडा क्या है?

खाने और मेहमाननवाजी से अलग सम्मेलन का मुख्य फोकस वैश्विक मुद्दों पर है। भारत की अध्यक्षता में चर्चा के प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं...

  • ग्लोबल साउथ की आवाज: भारत BRICS को विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं की आवाज मजबूत करने के मंच के तौर पर देखता है।
  • वैश्विक संस्थाओं में सुधार: UN और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं में विकासशील देशों के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की मांग BRICS के प्रमुख मुद्दों में रही है।
  • व्यापार और निवेश: BRICS देशों के बीच व्यापार, निवेश और सप्लाई चेन को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
  • AI और नई तकनीक: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी सहयोग भी एजेंडे में हैं।
  • खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा: वैश्विक संघर्षों और सप्लाई चेन में व्यवधान के बीच खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा बेहद अहम मुद्दा है।
  • जलवायु और आपदा प्रबंधन: जलवायु परिवर्तन, टिकाऊ विकास और आपदा के दौरान लचीलापन बढ़ाने पर भी सहयोग की चर्चा होगी।