|
New Update
/bansal-news/media/media_files/2026/08/16/new-poster-1-2026-08-16-08-14-32.jpg)
Breaking News Live Update 16 August: देश-विदेश में आज 16 अगस्त की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 16 अगस्त की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।
Aug 16, 2026 12:35 IST
शाहरुख, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की बढ़ी मुश्किलें, ‘विमल इलायची’ विज्ञापन पर FDA का नोटिस
बॉलीवुड स्टार्स शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तीनों अभिनेताओं को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FDA को आशंका है कि इस विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड का अप्रत्यक्ष यानी सरोगेट प्रचार किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र FDA इन दिनों तंबाकू और पान मसाला उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इसी अभियान के तहत शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर जवाब मांगा गया है।
FDA का कहना है कि शुरुआती जांच में विज्ञापन में ‘विमल’ ब्रांड का प्रचार होता दिखाई देता है, जिसका संबंध पान मसाला उत्पादों से है। ऐसे में इसे FSS Act 2006 के तहत सरोगेट विज्ञापन माना जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों सितारों को उनके संबंधित पते पर नोटिस भेजा गया है। अजय देवगन को जुहू स्थित उनके आवास, शाहरुख खान को बांद्रा स्थित ‘मन्नत’ और टाइगर श्रॉफ को उनकी प्रोडक्शन कंपनी के पते पर नोटिस भेजा गया है।
पान मसाले पर महाराष्ट्र में लगा है बैन
महाराष्ट्र में पान मसाला और तंबाकू उत्पादों को लेकर सरकार पहले से सख्त रुख अपना रही है। 13 जुलाई 2026 के आदेश के तहत महाराष्ट्र खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने FSS Act 2006 की धारा 30(2)(a) के तहत पान मसाला के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगाया है। अब FDA ने तीनों अभिनेताओं से नोटिस का जवाब मांगा है। मामले में आगे की कार्रवाई उनके जवाब और जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।
Aug 16, 2026 12:08 IST
वाराणसी एयरपोर्ट पर अचानक चली गोली, दो लोग घायल
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने की तैयारी कर रहे आजमगढ़ के एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास खड़े एक युवक के हाथ और एक महिला की जांघ में जा लगी।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ का रहने वाला यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान उसने अपने पास मौजूद पिस्टल और मैगजीन की जानकारी अधिकारियों को पहले ही दे दी थी।
इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली जमीन से टकराने के बाद वहां मौजूद एक युवक और महिला को लग गई। घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गोली किस परिस्थिति में चली और सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
Aug 16, 2026 10:11 IST
किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान से बढ़ी हलचल, खनौरी बॉर्डर सील
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों ने एक बार फिर दिल्ली कूच का ऐलान किया है। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के नेतृत्व में 16 अगस्त से ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरू हो रही है। इसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने खनौरी-दातासिंहवाला बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी है और रास्ते को सील कर दिया है। पुलिस ने किसानों को हरियाणा में प्रवेश कर दिल्ली की ओर बढ़ने से रोकने के लिए बॉर्डर पर बैरिकेड, बड़े पत्थर और कंटेनर लगाए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। बॉर्डर के आसपास आवाजाही को सीमित कर दिया गया है।
29 अगस्त को दिल्ली पहुंचेगी पदयात्रा
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेतृत्व में निकाली जा रही यह पदयात्रा 16 अगस्त को दातासिंहवाला से शुरू होकर 29 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेगी। करीब 228 किलोमीटर लंबे इस मार्च को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने खनौरी बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
दातासिंहवाला के पास भी रास्ता बंद
खनौरी-दातासिंहवाला सीमा पर हरियाणा की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। पुलिस ने सड़क पर बैरिकेडिंग के साथ बड़े कंटेनर और पत्थर लगाए हैं। प्रशासन का मकसद किसानों के जत्थे को हरियाणा में प्रवेश करने से रोकना है, ताकि वे दिल्ली की ओर आगे न बढ़ सकें।
Aug 16, 2026 09:36 IST
यूपी में बारिश से हुई जनहानि पर CM ने लिया संज्ञान, 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया है। सीएम ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों की मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए और पात्र प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
सीएम ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क में रहने और उन्हें हर संभव सहायता मुहैया कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। वहीं, भारी बारिश के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचें और विशेष सावधानी बरतें।
Aug 16, 2026 09:08 IST
बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव फंदे से लटका मिला
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/08/16/whatsapp-image-2026-08-16-09-08-13.jpeg)
पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और TMC के पांच बार विधायक रहे आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट में उनके आवास के पास स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, आशीष बनर्जी का शव उनके घर से सटे टीएमसी कार्यालय में मिला। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
आशीष बनर्जी को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करीबी माना जाता था। वह रामपुरहाट विधानसभा सीट से TMC के टिकट पर 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 में पांच बार विधायक चुने गए थे। इसके अलावा वह पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके थे। हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी के ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। ममता बनर्जी के पहली बार सत्ता में आने के बाद आशीष बनर्जी ने राज्य सरकार में शिक्षा और कृषि मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
Aug 16, 2026 08:31 IST
ईरान जंग के बीच ट्रंप का बड़ा फैसला, चीन को मिला रणनीतिक फायदा!
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/08/16/donald-2026-08-16-08-31-00.webp)
ईरान के साथ जारी जंग के बीच अमेरिका ने पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र से अपना आखिरी विमानवाहक पोत यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन हटा लिया है। अब इसे मिडिल ईस्ट में तैनात यूएसएस अब्राहम लिंकन की जगह भेजा जाएगा। अमेरिकी नौसेना पर लगातार बढ़ते दबाव के बीच यह फैसला लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान युद्ध के चलते अमेरिकी नौसेना के जवानों पर ऑपरेशनल दबाव बढ़ा है। लंबे समय तक तैनाती के कारण मानसिक स्वास्थ्य और जरूरी सप्लाई से जुड़ी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। ऐसे में जॉर्ज वाशिंगटन की तैनाती को अब्राहम लिंकन की जगह एक अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र से अमेरिकी विमानवाहक पोत के हटने से जापान और फिलीपींस जैसे अमेरिकी सहयोगियों की चिंता बढ़ सकती है। वहीं, चीन इस क्षेत्र में लगातार सैन्य अभ्यास कर अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रहा है। ऐसे में अमेरिका की इस रणनीतिक तैनाती पर चीन की भी नजर बनी हुई है।
लेखक