world-news

BMTC Viral Video: बेंगलुरु की सरकारी बस में शर्मनाक हरकत, कंडक्टर ने बेघर व्यक्ति को मारी लात

August 6, 2026

बेंगलुरु में BMTC बस कंडक्टर ने चलती बस में चढ़ रहे एक बेघर शख्स को लात मारकर गिरा दिया। घटना का वीडियो वायरल होने पर BMTC ने आरोपी कंडक्टर को सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए हैं। इस अमानवीय हरकत की कड़ी आलोचना हो रही है।

सिलिकॉन सिटी बेंगलुरु से एक सरकारी बस कर्मचारी की अमानवीय हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यहां एक BMTC (बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) बस के कंडक्टर ने चलती बस में चढ़ने की कोशिश कर रहे एक बेघर शख्स को लात मारकर नीचे गिरा दिया। मामला तूल पकड़ने के बाद BMTC ने आरोपी कंडक्टर को सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए हैं।

आखिर हुआ क्या था?

यह घटना 2 अगस्त को नेलमंगला रूट पर हुई। बस का रूट नंबर 258SD/1 और गाड़ी नंबर KA-57 F-1104 था। बताया जा रहा है कि एक बेघर शख्स, जो शायद भीख मांगकर गुजारा करता है, चलती हुई BMTC बस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस के गेट पर खड़े कंडक्टर ने उसे अंदर लेने के बजाय बेरहमी से लात मार दी। लात लगते ही वह शख्स अपना संतुलन खो बैठा और सीधे फुटपाथ पर जा गिरा।

वीडियो हुआ वायरल!

पास में ही मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और ऑनलाइन शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने कंडक्टर की इस हरकत पर जमकर गुस्सा निकाला। एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया, "दिल्ली से ज्यादा तो बेंगलुरु में अपराध बढ़ रहा है, इंसानियत मर चुकी है।"

Scroll to load tweet…

BMTC का तुरंत एक्शन और बयान!

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा देखकर BMTC तुरंत हरकत में आया।
कंडक्टर सस्पेंड: आरोपी कंडक्टर की पहचान डिपो-43 के कृष्णमूर्ति के तौर पर हुई है। BMTC ने उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

'जीरो टॉलरेंस' पॉलिसी: BMTC ने साफ कहा है, "यात्रियों के सम्मान, सुरक्षा या अधिकारों को चोट पहुंचाने वाले किसी भी तरह के बुरे बर्ताव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर आरोप साबित हुए तो सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।"

जांच शुरू: कॉर्पोरेशन ने बताया कि बस के CCTV फुटेज, स्टाफ और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया

यह वीडियो X (पहले ट्विटर) प्लेटफॉर्म पर बहस का मुद्दा बन गया है। ज्यादातर लोग जहां कंडक्टर की इस हरकत को 'राक्षसी' बताकर उसकी आलोचना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग सिक्के का दूसरा पहलू भी देखने की बात कह रहे हैं। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या कंडक्टर ने किसी बड़े हादसे को रोकने या उस शख्स की जान बचाने के लिए ऐसा किया? क्योंकि चलती बस में चढ़ना खतरनाक हो सकता है। इन लोगों का कहना है कि कंडक्टर का पक्ष सुने बिना उसे सस्पेंड करना कितना सही है?

BMTC के लिए विवादों का सिलसिला!

यह पहली बार नहीं है जब BMTC विवादों में है। हाल ही में एक यात्री को सिर्फ इसलिए बस से उतार दिया गया था क्योंकि उसने खुले पैसे (Exact Change) नहीं दिए थे। उस मामले में भी कंडक्टर को सस्पेंड किया गया था, हालांकि बाद में माफी मांगने पर उसे बहाल कर दिया गया। अभी वह मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब इस बेघर शख्स के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो सामने आ गया है। इस घटना ने BMTC की पब्लिक सर्विस और उसकी जिम्मेदारी पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।