Aug 16, 2026 03:43 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब महाराष्ट्र FDA ने राज्यभर में क्विक-कॉमर्स डार्क स्टोर्स और वेयरहाउसों पर अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी और जांच अभियान चलाया है।
क्विक-कॉमर्स ऐप्स की फूड सेफ्टी और हाइजीन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण पूर्व के गोदरेज हिल इलाके स्थित ब्लिंकिट (Blinkit) स्टोर का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। आइसक्रीम खरीदने पहुंचे कुछ युवाओं ने देखा कि फ्रीजर के अंदर, पैक्ड आइसक्रीम और फूड आइटम के बिल्कुल पास एक जिंदा चूहा घूम रहा है।
युवकों ने तुरंत इसका वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) से इस स्टोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
ब्लिंकिट, जेप्टो और इंस्टामार्ट के 14 लाइसेंस निलंबित
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब महाराष्ट्र FDA ने राज्यभर में क्विक-कॉमर्स डार्क स्टोर्स और वेयरहाउसों पर अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी और जांच अभियान चलाया है।
13 अगस्त को चलाए गए इस अभियान के तहत FDA ने 86 ठिकानों का निरीक्षण किया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 14 प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिए गए, जबकि 60 दुकानों को सुधार नोटिस दिया गया।
किसके कितने लाइसेंस हुए सस्पेंड?
- Blinkit के 5 लाइसेंस सस्पेंड
- Zepto के 5 लाइसेंस सस्पेंड
- Swiggy Instamart के 2 लाइसेंस सस्पेंड
- दूसरे सपोर्ट वेंडर्स (भगवती स्टोर्स और स्विंस्टा एंट): 1-1 लाइसेंस सस्पेंड
जांच में क्या-क्या मिलीं कमियां?
FDA की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, डार्क स्टोर्स में साफ-सफाई और नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।
मालाड ब्लिंकिट: चिल्लर रूम का तापमान 6°C पाया गया, जो तय मानक से काफी ज्यादा था। करीब 40 फूड हैंडलर्स का मेडिकल फिटनेस टेस्ट नहीं हुआ था। कर्मचारी बिना ग्लव्स, एप्रन और हेडगियर के काम कर रहे थे।
लोहेगांव (पुणे) - जेप्टो: एक्सपायर हो चुकी ('Use By' डेट बीत चुके) खाद्य सामग्री बेची जा रही थी और पेस्ट कंट्रोल (कीट नियंत्रण) पूरी तरह नदारद था।
घाटकोपर (मुंबई) - ब्लिंकिट: स्टोर का स्कोर 74 में से केवल 34 (46%) रहा। वहां तिलचट्टे (कॉकरोच), सड़ी हुई सब्जियां, खराब जल निकासी और खुले शौचालय का दरवाजा पाया गया।
बांद्रा (मुंबई) - इंस्टामार्ट (राजिदी रिटेल): फूड पैकेटों के ठीक बगल में चूहों की भारी मात्रा में मैंगनी (पॉटी) और छिपकलियों का जमावड़ा मिला।
कराड (सातारा) - ब्लिंकिट: 125 डिलीवरी राइडर्स के पास न तो आईकार्ड थे और न ही मेडिकल सर्टिफिकेट। डिलीवरी बैग्स पर FSSAI लाइसेंस नंबर भी दर्ज नहीं था, जिसके बाद दोपहिया डिलीवरी रोक दी गई।
FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे के निर्देशों पर हुई इस सख्त कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2006 (FSS Act) के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म को बख्शा नहीं जाएगा।
