world-news

'ज्वॉइन BJYM' अभियान : 2 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य, राहुल टिकरिहा बोले- 7 दिनों में 18,846 ने ली सदस्यता - Haribhoomi

July 30, 2026

भाजयुमो ने 'ज्वॉइन BJYM' सदस्यता अभियान शुरू किया। राहुल टिकरिहा ने बताया कि 7 दिनों में 18,846 युवा जुड़े, जबकि 20 सितंबर तक 2 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य है।

BJYM state president Rahul Tikriha

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा

  • Published: 30 Jul 2026, 07:50 PM IST
  • Last Updated: 30 Jul 2026, 07:51 PM IST

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रदेशभर में युवाओं और नव-मतदाताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए 'ज्वॉइन बीजेवायएम (Join BJYM)' सदस्यता अभियान शुरू किया है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान का लक्ष्य 2 लाख युवाओं और नव-मतदाताओं को भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि यह सदस्यता अभियान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में करीब आठ वर्षों बाद दोबारा शुरू किया गया है। अभियान के तहत युवाओं को निःशुल्क सदस्य बनाया जा रहा है और उन्हें भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

7 दिनों में 18,846 युवाओं ने ली सदस्यता
राहुल टिकरिहा ने बताया कि 23 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के पहले सात दिनों में 18,846 युवाओं ने सदस्यता ग्रहण कर अपना डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवा Join BJYM पोर्टल के माध्यम से भी सदस्यता ले रहे हैं। साथ ही रेफरल कोड व्यवस्था लागू की गई है, जिससे यह भी पता चलता है कि किस कार्यकर्ता ने कितने नए सदस्यों को जोड़ा है। 

BJYM state president Rahul Tikriha

बस्तर से हुई अभियान की शुरुआत
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान की शुरुआत दंतेवाड़ा जिले के बचेली मंडल से मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर की गई। उन्होंने कहा कि बस्तर में विकास और सुरक्षा की स्थिति में सुधार को देखते हुए अभियान की शुरुआत वहीं से की गई। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। इसी कारण दंतेवाड़ा, बीजापुर के भोपालपटनम, सुकमा के दोरनापाल और नारायणपुर के ओरछा जैसे क्षेत्रों में भी सदस्यता अभियान चलाकर युवाओं को भाजपा की नीतियों और विचारधारा से जोड़ा जा रहा है।

20 सितंबर तक चलेगा अभियान
राहुल टिकरिहा ने बताया कि सदस्यता अभियान 23 जुलाई से 20 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत प्रदेशभर में जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने अभियान का कार्यक्रम भी साझा किया। उनके अनुसार 5 अगस्त को सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अगस्त को महासमुंद, 7 अगस्त को गरियाबंद और 8 अगस्त को सरगुजा में कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 9 से 14 अगस्त तक सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस के सदस्यता अभियान पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भाजयुमो युवाओं को निःशुल्क सदस्यता दे रहा है, वहीं कांग्रेस सदस्यता अभियान के नाम पर प्रत्येक सदस्य से 75 रुपये शुल्क लेकर लोगों से वसूली कर रही है।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित 
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह संयोजक राहुल राय, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, रायपुर शहर जिलाध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी और रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पिंटू साहू भी उपस्थित रहे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)