world-news

गंगा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, BJP विधायक की फॉर्च्यूनर पोल से टकराई, गंभीर हालत - India TV Hindi

September 26, 2026

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के डिबाई से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक चंद्रपाल सिंह (चंद्रप्रकाश सिंह) लोधी शनिवार को एक भयानक सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब वह लखनऊ से वापस लौट रहे थे और गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। गंगा एक्सप्रेस-वे पर पोटा कबूलपुर गांव के पास उनकी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अचानक हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

कैसे हुआ हादसा?

शुरुआती जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान विधायक की कार का टायर अचानक फट गया। इसके अलावा, सड़क पर जलभराव और पानी जमा होने के कारण भी गाड़ी के टायर फिसल गए। टायर फटने और फिसलन की वजह से चालक का गाड़ी पर से संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर और सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई और पलट गई। गाड़ी में उस वक्त विधायक के साथ उनके गनर और ड्राइवर भी मौजूद थे।

विधायक समेत तीन लोग घायल

इस दर्दनाक हादसे में बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी, उनके गनर और ड्राइवर तीनों घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि विधायक के सीने की पसली टूटकर उनके फेफड़े में धंस गई, जिससे उनकी हालत काफी गंभीर हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला।

हापुड़ में प्राथमिक इलाज और एम्स रेफर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। हादसे के तुरंत बाद घायलों को पास के हापुड़ स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने विधायक को प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति और पसली में आई चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज और ऑपरेशन के लिए दिल्ली के एम्स (AIIMS) अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटनास्थल हापुड़ और बुलंदशहर जिले की सीमा के पास स्थित बीबी नगर थाना क्षेत्र में पड़ता है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों जिलों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को सड़क से हटाया और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

बुलंदशहर से वरुण शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

पानी के तेज बहाव में बह गया तेल टैंकर, चालक ने कूदकर बचाई जान; भारी बारिश ने मचाई तबाही

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।