world-news

राहुल गांधी को हिरासत में लेने के खिलाफ कांग्रेसियों का देशभर में प्रदर्शन, BJP ने भी किया जवाबी विरोध-प्रदर्शन

July 22, 2026

Image

कांग्रेस का देशभर में विरोध प्रदर्शन

Photo :

ANI

Congress Holds Nationwide Protests: दिल्ली में 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के कई राज्यों में जोरदार प्रदर्शन किया। नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। मंगलवार को दिल्ली में लोक कल्याण मार्ग के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था।

देशभर में कांग्रेस का फूटा गुस्सा

तमिलनाडु (चेन्नई): दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज और राहुल गांधी की हिरासत के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।

केरल (पालक्काड़): यूथ कांग्रेस और केरल स्टूडेंट्स यूनियन (KSU) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ मार्च निकाला और उनके इस्तीफे की मांग की।

कर्नाटक (बेंगलुरु): कांग्रेस लीगल सेल ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। नीट पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

गुजरात (सूरत): राहुल और प्रियंका गांधी की हिरासत के विरोध में और नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

तेलंगाना (हैदराबाद): तेलंगाना कांग्रेस ने 'चलो लोक भवन' मार्च का आह्वान किया। राहुल गांधी की हिरासत की निंदा करते हुए कार्यकर्ता लोक भवन के बाहर जुटे, जिसके बाद वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पटना में विरोध प्रदर्शन

पटना में विरोध प्रदर्शन

बीजेपी के जवाबी प्रदर्शन, कई जगह झड़प

दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में बीजेपी ने भी कई राज्यों में जवाबी प्रदर्शन किए।

हैदराबाद: राज्य बीजेपी अध्यक्ष रामचंद्र राव और अन्य नेताओं को पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे बीजेपी मुख्यालय से कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे।

जम्मू: जम्मू में कांग्रेस दफ्तर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने दखल देकर दोनों गुटों को आपस में भिड़ने से रोका।

आंध्र प्रदेश (विजयवाड़ा): बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ "राहुल गांधी डाउन डाउन" के नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी नेताओं के बीच तीखी झड़प और हाथापाई भी हुई।

संसद परिसर में विपक्ष का 'काले कपड़ों' में प्रदर्शन

इस पूरे घटनाक्रम के बीच, संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने काले कपड़े पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन में राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्ष के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

गौरतलब है कि यह राष्ट्रव्यापी हंगामा 20 जुलाई को दिल्ली में हुए 'संसद चलो' मार्च के बाद शुरू हुआ है। विपक्ष का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। विपक्षी नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की एक कोशिश है।

Amit Mandal

अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article