world-news

धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर पटना में बवाल, BJP कार्यालय घेरने पहुंचे छात्रों पर लाठीचार्ज

July 22, 2026

Bihar News: NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन बुधवार को दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना पहुंच गया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पटना में बड़ी संख्या में छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी छात्र गांधी मैदान से मार्च निकालते हुए डाक बंगला चौराहा, कोतवाली थाना होते हुए राजभवन की ओर बढ़े। मुख्यमंत्री आवास के पास पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद प्रदर्शनकारी भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, जिसे देखते हुए पुलिस ने कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी।

सुबह शुरू हुआ छात्रों का आंदोलन शाम तक जारी रहा। राजभवन और मुख्यमंत्री आवास के नजदीक पहुंचने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इससे पहले कई बार लाठीचार्ज भी किया गया।

प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। छह थानों की पुलिस टीम के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बल, आईजी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कई बार प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए।

करीब चार से पांच घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और लाठीचार्ज का सहारा लिया। इस दौरान कई छात्र-छात्राओं, पुलिसकर्मियों और कुछ पत्रकारों के घायल होने की सूचना है।

इस आंदोलन को लेफ्ट समर्थित छात्र संगठनों, जिसमें आइसा समेत कई संगठन शामिल हैं, का समर्थन मिला। इसके अलावा पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में छात्र भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन में छात्राओं की भी बड़ी भागीदारी रही।

छात्रों की भारी भीड़ के कारण पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शनकारी अलग-अलग समूहों में राजभवन की ओर बढ़े। कुछ छात्र डाक बंगला चौराहा, कुछ पंत भवन और कुछ सूचना भवन की ओर से आगे बढ़ने की कोशिश करते दिखे।

उग्र प्रदर्शन के कारण पटना के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। डाक बंगला चौराहे पर पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही, जहां कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति भी देखने को मिली। प्रशासन ने हालात पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

छात्रों के आंदोलन को देखते हुए पटना में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के बाद अब सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। बीजेपी प्रदेश कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बीजेपी दफ्तर को घेरने पहुंचे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई।