world-news

Bihar Sankalp Portal : सम्राट सरकार का बड़ा कदम, एक क्लिक में दिखेगी योजनाओं से लेकर घोषणाओं तक की पूरी प्रगति

September 28, 2026

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार अब अपने कामकाज और विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति को एक ही प्लेटफॉर्म पर दर्ज करने की तैयारी में है। इसके लिए सरकार की ओर से ‘संकल्प पोर्टल’ विकसित किया जा रहा है। इस पोर्टल के जरिए सरकार के संकल्पों, घोषणाओं, फैसलों और उनके क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति को एक जगह देखा जा सकेगा। इससे न केवल सरकारी योजनाओं की निगरानी आसान होगी, बल्कि विभागों की उपलब्धियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड भी तैयार होता जाएगा।

सरकार का फोकस योजनाओं को जमीन पर उतारने के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर है। संकल्प पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करेगा। अलग-अलग विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को इसमें व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जाएगा। समय-समय पर इनकी समीक्षा भी की जाएगी, जिससे यह पता लगाने में आसानी होगी कि सरकार ने जो लक्ष्य तय किए थे, उनमें से कितने पूरे हुए और किन योजनाओं पर अभी काम चल रहा है।

इस पोर्टल की सबसे अहम खासियत यह होगी कि मुख्यमंत्री और सरकार के शीर्ष स्तर पर बैठकर विभिन्न विभागों की प्रगति की निगरानी की जा सकेगी। हाल के महीनों में सरकार की ओर से लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के साथ जनहित से जुड़े कार्यों और योजनाओं को भी पोर्टल में शामिल किया जाएगा। यानी सरकार के फैसले से लेकर उसके जमीन पर असर तक की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।

संकल्प पोर्टल पर सरकार की प्रमुख योजनाओं, लिए गए निर्णयों और निर्धारित लक्ष्यों के साथ वास्तविक प्रगति का ब्योरा दर्ज होगा। संबंधित विभागों को अपने स्तर से योजनाओं और उपलब्धियों से जुड़ी सूचनाएं पोर्टल पर अपडेट करनी होंगी। इससे विभागवार कामकाज की तस्वीर सामने आएगी और यह भी पता चल सकेगा कि किस विभाग ने किस क्षेत्र में कितनी प्रगति की है।

पोर्टल के डैशबोर्ड को भी कई महत्वपूर्ण हिस्सों में बांटा जाएगा। इसमें कुल 10 विंडो होंगे। इन विंडो के जरिए बिहार गति, फ्लैगशिप ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट, मुख्यमंत्री की घोषणाएं और मंत्रिमंडल के निर्णय जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी। इसके अलावा सरकार के 100 दिनों के रिपोर्ट कार्ड को भी इसमें जगह दी जाएगी। इससे सरकार के शुरुआती कार्यकाल में लिए गए फैसलों और उनके क्रियान्वयन की स्थिति को एक साथ देखा जा सकेगा।

संकल्प पोर्टल पर वीआईपी और जनप्रतिनिधियों के पत्रों के आधार पर मुख्यमंत्री द्वारा कराए गए कार्यों की जानकारी भी उपलब्ध होगी। इसके जरिए यह पता लगाया जा सकेगा कि जनप्रतिनिधियों और अन्य माध्यमों से प्राप्त मामलों पर सरकार की ओर से क्या कार्रवाई की गई है।

बिहार में आधारभूत संरचना के विकास को लेकर उठाए गए कदमों के लिए भी पोर्टल पर अलग विंडो होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र तारापुर की प्रगति से संबंधित जानकारी भी इसमें दर्ज की जाएगी। सरकार के सहयोग कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों और उनसे संबंधित कार्रवाई का ब्योरा भी पोर्टल पर उपलब्ध कराने की तैयारी है।

कुल मिलाकर संकल्प पोर्टल को सरकार के फैसलों, घोषणाओं, योजनाओं और उपलब्धियों का डिजिटल रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ प्रशासनिक निगरानी के एक माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में इसकी मदद से सरकार के स्तर पर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और विभागों के प्रदर्शन का आकलन अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।