शहर के ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए 122.39 करोड़ रुपये की लागत से बने सासाराम बाईपास का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जल निकायों को पुनर्जीवित करने और संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रोहतास जल संजीवनी कार्यक्रम भी शुरू किया गया।
By Oneindia Staff
Published: Tuesday, October 6, 2026, 19:01 [IST]
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम में 122.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 2-लेन सासाराम बाईपास पथ का लोकार्पण किया। बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी/पुल सहित निर्मित इस बाईपास के शुरू होने से सासाराम शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण कर बाईपास पथ का लोकार्पण किया। सरकार के अनुसार, इस परियोजना से क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलने में मदद मिलेगी।
बाईपास के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत सासाराम बाईपास के समीप स्थित जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को जलस्रोतों के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत 'रोहतास जल संजीवनी' की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य रोहतास जिले के तालाबों, पोखरों, जलाशयों और अन्य जलस्रोतों का जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना है।
जलस्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर जोर
'रोहतास जल संजीवनी' के तहत जिले के पारंपरिक और महत्वपूर्ण जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके माध्यम से वर्षा जल के अधिक से अधिक संग्रहण और संरक्षण की दिशा में काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के जलस्रोतों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने तालाबों, पोखरों और जलाशयों को अतिक्रमण एवं प्रदूषण से मुक्त रखने के साथ इनके संरक्षण में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलस्रोतों को संरक्षित और पुनर्जीवित कर वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
बाईपास से आवागमन होगा आसान
सासाराम बाईपास के निर्माण पर 122.39 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी और पुल सहित निर्मित यह 2-लेन सड़क सासाराम शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परियोजना से लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक राज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
Read more about: