world-news

Bhopal Tiranga Yatra: भोपाल में बारिश के बीच BJP की तिरंगा यात्रा, बच्चों ने बढ़ाया उत्साह, नशा मुक्ति का भी संदेश - Haribhoomi

August 9, 2026

भोपाल में रविवार को तेज बारिश के बीच भाजपा की तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे और हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। बारिश और बच्चों की सुरक्षा के कारण यात्रा का रूट छोटा किया गया।

Bhopal Tiranga Yatra

भोपाल में बारिश के बीच BJP की तिरंगा यात्रा

  • Published: 09 Aug 2026, 10:48 AM IST
  • Last Updated: 09 Aug 2026, 10:48 AM IST

भोपाल: राजधानी भोपाल में रविवार को बारिश के बीच भाजपा की तिरंगा यात्रा निकाली गई। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व शहरवासी शामिल हुए। तेज बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।

बुलेट से पहुंचे CM, हाथ में तिरंगा लेकर चले
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के अन्य नेताओं ने भी तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा में बच्चों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में पहुंचे। डोरेमोन और मोटू-पतलू की ड्रेस में आए बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। NCC और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने भी यात्रा में जोश बढ़ाया।

शान से लहराए "हर घर तिरंगा" 🇮🇳

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने "हर घर तिरंगा" अभियान के अंतर्गत आज भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता… pic.twitter.com/0HHeGJGiYC

— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) August 9, 2026

बारिश के कारण छोटा किया गया रूट
पहले तिरंगा यात्रा को टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर आना था। लेकिन तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए रूट छोटा कर दिया गया। यात्रा को न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया।

CM बोले- बारिश ने उत्साह और बढ़ाया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन ने देश की आजादी के निर्णायक संघर्ष को नई दिशा दी थी। उन्होंने क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना हर नागरिक का कर्तव्य बताया। सीएम ने कहा कि बारिश के बावजूद बच्चे, युवा, बुजुर्ग और समाज के सभी वर्गों के लोग जिस उत्साह से यात्रा में शामिल हुए, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना कर दिया।

उन्होंने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग देश के साहस, वीरता और बलिदान की भावना का प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की लोकतांत्रिक ताकत और सामर्थ्य को दुनिया के सामने मजबूती से रखने की बात भी उन्होंने कही।

तिरंगा यात्रा में नशा मुक्ति का संदेश
यात्रा सिर्फ देशभक्ति तक सीमित नहीं रही। इसमें नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। लोगों से नशे से दूर रहने और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई। आयोजकों ने युवा पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को अपनी संस्कृति, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘जियो और जीने दो’ की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। बारिश के बीच निकली इस यात्रा में देशभक्ति के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।