भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में आयोजित 'किताब से कल तक' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने AI टूल्स का उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि तथ्यों को हमेशा क्रॉस चेक करें और अपनी समझ का इस्तेमाल करें।
AI का करें इस्तेमाल, लेकिन अपना दिमाग जरूर लगाएं CM Mohan Yadav
- Published: 05 Aug 2026, 03:10 PM IST
- Last Updated: 05 Aug 2026, 03:10 PM IST
भोपाल: कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में आयोजित 'किताब से कल तक' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्राओं और शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की स्कूल कैबिनेट से मुलाकात की, उनकी कार्यप्रणाली को समझा और मंच पर अपने साथ बैठाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

AI इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक उपयोगी तकनीक है, लेकिन इसका इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चैटजीपीटी, ग्रोक और अन्य AI टूल्स का उपयोग करें, लेकिन उन पर पूरी तरह निर्भर न रहें। अपनी समझ का इस्तेमाल करें और तथ्यों को हमेशा क्रॉस चेक करें।

छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वे भी AI टूल्स का उपयोग करते हैं। किसी कार्यक्रम या विषय से जुड़ी नई जानकारियां जुटाने और भाषण की तैयारी के लिए वे इनका सहारा लेते हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय हमेशा अपनी समझ और सत्यापन के आधार पर ही लेना चाहिए।
छात्रा कैबिनेट से भी मुलाकात की
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूल की छात्रा कैबिनेट से भी मुलाकात की। स्पोर्ट्स, कल्चरल, डिसिप्लिन, हेड गर्ल और अन्य पदों पर जिम्मेदारी निभा रही छात्राओं ने अपनी भूमिका बताई। छात्राओं ने बताया कि उनकी कैबिनेट का गठन चुनाव के जरिए होता है, जिसमें कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थी मतदान करते हैं। कैबिनेट पूरे साल स्कूल की विभिन्न गतिविधियों का संचालन और समन्वय करती है।

पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी सरकारी स्कूल से पढ़े हैं। उन्होंने छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर, सेना, कृषि, राजनीति और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सोशल मीडिया को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जनप्रतिनिधियों के लिए सोशल मीडिया जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि वे इंस्टाग्राम का उपयोग करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो करते हैं।
तनाव प्रबंधन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित योग, व्यायाम, संगीत सुनना और पर्याप्त नींद मानसिक तनाव कम करने में मदद करती है। उन्होंने छात्राओं को समय का सही प्रबंधन करने, खेलकूद में भाग लेने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से भी संवाद किया और कहा कि विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, आत्मनिर्भरता और समाज सेवा के लिए भी प्रेरित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।