भोपाल के इतवारा इलाके में पुलिस ने करीब 200 जवानों के साथ देर रात बड़ा ऑपरेशन चलाकर नशे के अड्डों पर छापेमारी की। ड्रोन और स्निफर डॉग्स की मदद से हुई कार्रवाई में 5 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
भोपाल में आधी रात पुलिस का मेगा ऑपरेशन:
- Published: 27 Jul 2026, 02:54 PM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 02:54 PM IST
भोपाल: राजधानी भोपाल के पुराने शहर के इतवारा इलाके में पुलिस ने शनिवार देर रात अवैध नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। करीब 200 पुलिसकर्मियों की टीम ने एक साथ कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन में ड्रोन, नारकोटिक्स स्निफर डॉग्स, डॉग कैचर्स, मेटल कटर और विशेष सर्च टीमों का इस्तेमाल किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई संदिग्धों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पूरे इलाके की घेराबंदी
पुलिस ने अभियान शुरू करने से पहले पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी। हर संदिग्ध मकान के आसपास कट-ऑफ टीमें तैनात की गईं, ताकि कोई भी आरोपी मौके से फरार न हो सके। इसके बाद अलग-अलग सर्च टीमों ने एक साथ सभी चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य नशे के नेटवर्क और उससे जुड़े अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना था।
महिलाओं सहित कुल सात लोग गिरफ्तार
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने पांच महिलाओं सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ, हथियार और वन्यजीव से जुड़े प्रतिबंधित अवशेष बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार छापेमारी में करीब 7.5 किलोग्राम गांजा, 90 ग्राम चरस (हाशीश), नशा करने में इस्तेमाल होने वाली सिलोचन ट्यूब, एक तलवार, पांच धारदार चाकू, बारहसिंगा के सींग तथा अवैध रूप से संग्रहित अंग्रेजी शराब (आईएमएफएल) जब्त की गई है। बरामद सामग्री को जब्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्हें रिमांड पर लेकर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि अवैध नशे का सामान कहां से लाया जाता था, इसकी सप्लाई किन लोगों के जरिए होती थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाएंगी कि बरामद हथियारों और वन्यजीवों के अवशेषों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
भोपाल पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध नशे की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।