BaaS Plan: बैटरी-एज-ए-सर्विस प्लान से इलेक्ट्रिक कारें शुरुआत में लाखों रुपए सस्ती मिल रही हैं। लेकिन, हर महीने बैटरी का अलग बिल और मिनिमम चार्ज ग्राह ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। TATA Punch EV, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.7 लाख रुपए है उसे BaaS प्लान के तहत 6.5 लाख रुपए में घर लाया जा सकता है। इसी तरह, Hyundai Creta Electric की कीमत 18 लाख रुपए से घटकर 11 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) हो जाती है। वहीं, Grand Vitara EV की शुरुआती कीमत में लगभग 8 लाख रुपए की कमी आ जाती है।
क्या है BaaS प्लान?
शुरुआती कीमतों में होने वाली यह बड़ी कटौती BaaS या बैटरी सब्सक्रिप्शन और फाइनेंसिंग मॉडल की वजह से हो रही है। भारत के EV मार्केट में यह मॉडल कारों को बेचने का असरदार जरिया बनता जा रहा है। जैसे-जैसे ज्यादातर कंपनियां बैटरी सब्सक्रिप्शन और फाइनेंसिंग के इस मॉडल को अपना रही है वैसे-वैसे खरीदारों के मन में नया सवाल खड़ा हो रहा है।
अब ग्राहकों का ध्यान इस बात से हटकर कि, कार कितनी सस्ती मिल रही है, इस बात पर जा रहा है कि पूरी गाड़ी के इस्तेमाल के दौरान उन्हें कितने पैसे चुकाने पड़ेंगे। हालांकि, शुरुआत में पैसों की बचत हो रही है।
हर महीने का खर्च
TOI के मुताबिक, बैटरी के लिए बार-बार होने वाले पेमेंट, हर महीने गाड़ी चलाने की मिनिमम सीमा और फाइनेंस की शर्तें भी जुड़ी हुई हैं। ये सब मिलकर 5 से 8 सालों में गाड़ी के मालिकाना हक की लागत को कई लाख रुपए बढ़ा सकते हैं। मौजूदा BaaS प्लान्स में कार के मॉडल के आधार पर लगभग 2.3 रुपए से लेकर 5 रुपए प्रति किमी तक चार्ज किया जाता है।
जैसे- अगर कोई ड्राइवर 4 रुपए प्रति किमी वाले प्लान के तहत साल भर में 15,000 किमी गाड़ी चलती है तो उसे एक साल में लगभग 60,000 रुपए देने होंगे। इस हिसाब से 5 साल में यह खर्च करीब 3 लाख रुपए हो जाएगा। इसमें टैक्स, कीमत बढ़ाने की शर्तें या फाइनेंस का चार्ज अलग है।
मिनिमम बिलिंग
यह उलझन तब बढ़ती है जब मिनिमम बिल तय कर दिया जाता है। जैसे, Citroen की eC3X कार के लिए हर महीने कम से कम 2,000 किमी का भुगतान करना ही पड़ता है। इसका मतलब है कि, अगर आपकी गाड़ी इससे कम भी चलती है तब भी आपको हर महीने बैटरी का करीब 4,520 रुपए का बिल देना होगा।
Maruti-Hyundai का हाल
TOI के मुताबिक, Maruti Suzuki e Vitara के लिए हर महीने कम से कम 1,800 किमी तय किया गया है जिसकी वजह से हर महीने बैटरी का न्यूनतम चार्ज लगभग 7,200 रुपए होता है। Hyundai के Creta Electric के लिए BaaS देने पर कोई कमेंट नहीं किया है जबकि Maruti ने Grand Vitara EV से जुड़े सवालों का कोई जवाब नहीं दिया।
कम ड्राइविंग का नुकसान
उन खरीदारों के लिए जो महीने में 800 से 1,000 किमी ही ड्राइविंग करते हैं, प्रति किमी बैटरी की असल लागत बहुत तेजी से बढ़ सकती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि गाड़ी न चलाने पर भी बचे हुए किमी का बिल ग्राहकों को चुकाना ही पड़ता है। बहुत से ग्राहक सिर्फ डिस्काउंट वाली एक्स-शोरूम कीमत की तुलना सामान्य EV की कीमत से करते हैं।
ग्राहक इस बात पर ध्यान नहीं देते हैं कि BaaS मॉडल के तहत पेमेंट की दो अलग-अलग जिम्मेदारियां एक साथ बन जाती है- पहली गाड़ी के लोन की EMI और दूसरी बैटरी का अलग होने वाला भुगतान।
बचत हो जाती है कम
उदाहरण के लिए, TATA Punch EV खरीदने वाले को गाड़ी पर कम EMI देनी पड़ सकती है लेकिन बैटरी के लिए अलग से फाइनेंस जारी रहता है। इस वजह से समय के साथ दिखने वाली शुरुआती बचत कम हो जाती है। दूसरी ओर, कार कंपनियों का तर्क है कि BaaS मुख्य रूप से फाइनेंस से जुड़ा एक नया तरीका है जो EV को लोगों की पहुंच में आसान बनाता है।
TATA Motors का कहना है कि, BaaS मुख्य रूप से एक फाइनेंस टूल है न कि कोई मोबिलिटी सर्विस जो EV को खरीदते समय शुरुआती लागत को कम करता है। इसके साथ ही, TATA Motors ने प्रवक्ता ने कहा, 'हम यह देख रहे हैं और हमारा मानना भी है कि ज्यादातर ग्राहक अपनी EV का पूरा मालिकाना हक ही पसंद करते हैं।
JSW MG Motor को फायदा
JSW MG Motor India, जिसने 2024 में Windsor EV के साथ BaaS की शुरुआत की थी, का कहना है कि इस मॉडल को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कंपनी के MD अनुराग मल्होत्रा ने कहा, 'आज हमारी कुल EV बिक्री का लगभग 12-15% हिस्सा BaaS के जरिए आता है जो हमारे EV पोर्टफोलियो में उपलब्ध है।
आगे उन्होंने कहा कि, यह मॉडल बैटरी को गाड़ी से अलग करके शुरुआती कीमत को कम कर देता है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल को 100 रुपए लीटर और 12 किमी प्रति लीटर का माइलेज मानने पर एक सामान्य पेट्रोल कार को चलाने का खर्च करीब 8 रुपए प्रति किमी आता है।
वहीं, MG के Windsor BaaS मॉडल के तहत ग्राहकों को बैटरी के इस्तेमाल के लिए 4 रुपए प्रति किमी और चार्जिंग के लिए लगभग 1 रुपए प्रति किमी देना पड़ता है जिससे कुल रनिंग कॉस्ट करीब 5 रुपए प्रति किमी हो जाती है। उनके मुताबिक, जो ग्राहक रोज 60 किमी गाड़ी चलाते हैं उनकी हर महीने 5,500 रुपए से ज्यादा की बचत हो सकती है।