world-news

घर से रैपिडो लेकर निकला, फिर लौटा ही नहीं... झांसी में BA LLB छात्र की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान

September 14, 2026

Jhansi student death: उत्तर प्रदेश के झांसी में बीए एलएलबी (BA LLB) के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान परवेज अली के रूप में हुई है. छात्र का शव उसके घर से करीब पांच किलोमीटर दूर मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, झांसी निवासी परवेज अली BA LLB की पढ़ाई कर रहा था. रविवार रात वह घर से रैपिडो बुक कर निकलने की बात कहकर बाहर गया था. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार को चिंता हुई. परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की.

काफी खोजबीन के बाद भी परवेज का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. देर रात करीब 12 बजे पुलिस को छात्र के बारे में जानकारी मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर से करीब पांच किलोमीटर दूर उसका शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना परिवार को मिली तो घर में कोहराम मच गया.

भाई ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों ने परवेज की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. पैर पर दांत से काटने जैसे निशान होने का भी दावा किया गया है. इसके अलावा सिर पर चोट के निशान को लेकर भी परिवार ने सवाल उठाए हैं. परवेज के भाई और अन्य परिजनों का कहना है कि शरीर पर मिले चोट के निशान सामान्य घटना की ओर इशारा नहीं करते. उन्होंने आशंका जताई कि छात्र के साथ मारपीट की गई और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों का पता लगाने की मांग की है.

रैपिडो चालक से पूछताछ की तैयारी

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अब उस रैपिडो चालक की जानकारी जुटा रही है, जिसकी बाइक से परवेज घर से निकला था. इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के जरिए छात्र के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. उसके मोबाइल फोन, आखिरी लोकेशन और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी जांच का अहम हिस्सा है.

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि परवेज की मौत हादसे में हुई या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

विवेक शर्मा

विवेक शर्मा

विवेक शर्मा उत्तर प्रदेश के झांसी से टीवी9 भारतवर्ष के रिपोर्टर हैं. कहते हैं कि बनारस में जन्म लेने वाले के मिजाज़ में एक अलग ही अल्हड़पन, बेबाकी और अलमस्ती होती है. इसी मिट्टी की तासीर लेकर साल 2002 में विवेक शर्मा ने पत्रकारिता की दुनिया में दिल्ली में कदम रखा. विवेक की पत्रकारिता की शुरुआत हुई जैन टीवी (Jain TV), दिल्ली से, जहां कैमरे की बारीकियों और खबरों की रफ्तार को समझा. जैन टीवी में काम करते-करते मौका मिला देश के नंबर-1 चैनल आजतक (Aaj Tak) से जुड़ने का. 'आजतक' के साथ एक लंबा और शानदार कार्यकाल बीता. विवेक को दो दशक (20 साल) से ज्यादा का अनुभव है. आजतक चैनल के बाद अपने करियर को कुछ समय के लिए विराम देकर उन्होंने फिर से एक नई पारी की शुरुआत की. वर्तमान में TV9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में ज़मीनी स्तर पर काम करते हुए उनका एकमात्र मकसद जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाना है. चमक-दमक वाली खबरों से दूर, बुंदेलखंड की जनता के मुद्दे, उनकी परेशानियां और प्रशासन तक उनकी आवाज़ पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है.

Read More

google button