Published: Wednesday, August 19, 2026, 11:56 [IST]
Awarapan 2 Box Office Collection Day 5: 'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रही है। इमरान हाशमी स्टारर इस फिल्म को रिलीज से पहले शायद ही किसी ने अंदाजा लगाया होगा कि ये इतनी तेजी से कमाई के बड़े आंकड़े पार कर जाएगी। साल 2007 में आई 'आवारापन' की यादें और इमरान हाशमी की वापसी का क्रेज फिल्म के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ है। रिलीज के शुरुआती दिनों में फिल्म ने शानदार कलेक्शन किया। हालांकि 17 अगस्त 2026 (सोमवार) को वीकडे की वजह से कमाई में गिरावट देखने को मिली थी।
इमरान हाशमी के करियर की खास फिल्म बनीं 'आवारापन 2'
इसके बावजूद 'आवारापन 2' ने 18 अगस्त 2026 (मंगलवार) को बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार फिर पकड़ ली। फिल्म ने रिलीज के महज 5 दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ ये इमरान हाशमी के करियर की एक खास फिल्म बन गई है। आइए आपको बताते हैं मंगलवार को फिल्म ने कितने करोड़ रुपये कमाए और अब इसका कुल कलेक्शन कितना पहुंच गया है।
5वें दिन 'आवारापन 2' ने कितने करोड़ कमाए?
-'आवारापन 2' की बॉक्स ऑफिस पर पकड़ अभी भी मजबूत बनी हुई है। फिल्म का क्लैश सनी देओल की 'बंटवारा 1947' मूवी से हुआ है लेकिन इसका असर इमरान हाशमी की फिल्म की कमाई पर ज्यादा देखने को नहीं मिला। दर्शकों से मिले पॉजिटिव रिस्पॉन्स और पुरानी फिल्म से जुड़े नॉस्टैल्जिया ने 'आवारापन 2' को लगातार फायदा पहुंचाया है।
-फिल्म की कमाई पर नजर डालें तो 'आवारापन 2' ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 33.75 करोड़ रुपये पहुंच गई। तीसरे दिन भी फिल्म ने 26 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। हालांकि चौथे दिन यानी सोमवार को इसकी कमाई घटकर 9.25 करोड़ रुपये रह गई।
-अब फिल्म के 5वें दिन के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 18 अगस्त 2026 यानी मंगलवार को 'आवारापन 2' ने करीब 9.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म का पांच दिनों का कुल नेट कलेक्शन 100.50 करोड़ रुपये हो गया है।
5वें दिन ही 100 करोड़ क्लब में पहुंची फिल्म
-इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' ने महज 5 दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करके बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। फिल्म ने मंगलवार को शतक पूरा किया और इसी के साथ ये साल 2026 की 7वीं फिल्म बन गई है, जिसने 100 करोड़ क्लब में जगह बनाई है।
-अब फिल्म की नजर 'कॉकटेल 2' के लाइफटाइम कलेक्शन पर है। 'कॉकटेल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर 104.53 करोड़ रुपये का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया था। जिस तरह 'आवारापन 2' की कमाई आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए उम्मीद है कि फिल्म जल्द ही इस आंकड़े को पीछे छोड़ सकती है।
इमरान हाशमी के करियर की पहली सोलो 100 करोड़ी फिल्म
-100 करोड़ क्लब में एंट्री के साथ ही 'आवारापन 2' ने इमरान हाशमी के करियर में भी एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। ये उनकी पहली सोलो फिल्म बन गई है, जिसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
-फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ट्रेड में इसके आगे भी मजबूत प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई इसी तरह बनी रहती है, तो ये अपने खाते में कई और रिकॉर्ड जोड़ सकती है।
क्या है 'आवारापन 2' की कहानी और कौन-कौन है स्टारकास्ट?
-'आवारापन 2' साल 2007 में रिलीज हुई इमरान हाशमी की चर्चित फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल है। पहली फिल्म को दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया था और इसके गाने आज भी लोकप्रिय हैं। यही वजह है कि सीक्वल को लेकर इमरान हाशमी के फैंस के बीच लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी।
-फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। इसमें इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स ने मेकर्स के लिए इसे बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी में बदल दिया है।